शराब तस्करी से लूट की पटरी पर चढ़ा गिरोह, बक्सर जीआरपी की सख्ती से तीन शातिर दबोचे गए

बक्सर–पटना रेलखंड पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चल रही आशंकाओं के बीच बक्सर जीआरपी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लूटे गए सामान भी बरामद किए गए हैं।

शराब तस्करी से लूट की पटरी पर चढ़ा गिरोह, बक्सर जीआरपी की सख्ती से तीन शातिर दबोचे गए

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर–पटना रेलखंड पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चल रही आशंकाओं के बीच बक्सर जीआरपी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से लूटे गए सामान भी बरामद किए गए हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार यह गिरोह 17 जनवरी और 7 फरवरी को बक्सर–पटना सवारी ट्रेन में सक्रिय था। यात्रियों की भीड़ और असावधानी का फायदा उठाकर गिरोह के सदस्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर लेते थे।

लगातार मिल रही शिकायतों और घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए रेल एसपी अनंत कुमार राय के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया।एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय खुफिया सूचनाओं के सहारे जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गिरोह के दो सदस्य सीधे ट्रेन में लूट की वारदात को अंजाम देते थे, जबकि तीसरा आरोपी लूटे गए आभूषण और कीमती सामान को खरीदने वाला एक स्वर्ण व्यवसायी है। इसी नेटवर्क के जरिए लूट का माल ठिकाने लगाया जाता था।

रेल एसपी अनंत कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी कोई नए अपराधी नहीं हैं। इनके आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि ये पहले शराब तस्करी के कई मामलों में जेल जा चुके हैं। शराब तस्करी पर शिकंजा कसने के बाद इन्होंने अपराध का रास्ता बदलते हुए रेल यात्रियों को अपना नया शिकार बनाना शुरू कर दिया था।जीआरपी पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल गिरोह का नेटवर्क उजागर हुआ है, बल्कि रेल यात्रियों में भरोसा भी जगा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि रेल परिसरों और ट्रेनों में अपराध करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।