मुंडन व गंगा स्नान पर 11 फरवरी को विशेष यातायात व्यवस्था, कई मार्ग रहेंगे बंद
मुंडन एवं गंगा स्नान के अवसर पर 11 फरवरी को शहर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सुबह 4 बजे से शाम 5 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि भारी एवं बड़े वाहनों के लिए रात 10 बजे तक नो-एंट्री लागू रहेगी।
केटी न्यूज/बक्सर।
मुंडन एवं गंगा स्नान के अवसर पर 11 फरवरी को शहर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सुबह 4 बजे से शाम 5 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा, जबकि भारी एवं बड़े वाहनों के लिए रात 10 बजे तक नो-एंट्री लागू रहेगी।जारी आदेश के मुताबिक ज्योति प्रकाश चौक से मॉडल थाना चौक तक, वहां से नाथ बाबा पुल, रामरेखा घाट रोड, पीपी रोड, पुराना सदर अस्पताल मार्ग से मठिया पुल तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

वहीं मुनीम चौक से जमुना चौक, ठठेरी बाजार, सिंडिकेट से जमुना चौक होते हुए थाना चौक तक दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य सभी वाहनों का प्रवेश पूर्ण अथवा आंशिक रूप से वर्जित रहेगा।चारपहिया वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। वाहन चालक गोलम्बर से सिंडिकेट बाईपास होते हुए ज्योति प्रकाश चौक से आईटीआई रोड, मठिया मोड़ और दानी कुटिया के रास्ते शहर से बाहर निकल सकेंगे। इसी प्रकार ज्योति प्रकाश चौक से अंबेडकर चौक होते हुए इटाढ़ी गुमटी मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

बस, ट्रैक्टर और पिकअप के लिए हवाई अड्डा मैदान, गोलम्बर पार्किंग स्थल तथा रेलवे मैदान में पार्किंग होगी, जबकि चारपहिया और तीनपहिया वाहनों के लिए सिंडिकेट क्षेत्र, आईटीआई मैदान रोड, बाजार समिति ग्राउंड और किला मैदान निर्धारित किए गए हैं। दोपहिया वाहन किला मैदान और थाना चौक से ज्योति चौक मार्ग किनारे खड़े किए जा सकेंगे।एम्बुलेंस, रोगी वाहन और अन्य आवश्यक सेवाओं को नो-एंट्री से मुक्त रखा गया है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहनों का प्रयोग न करें और यातायात नियमों का पालन कर सहयोग करें।

