छठ से पहले सड़कों के गड्ढे भरें, ब्लैक स्पॉट पर लगाएं चेतावनी बोर्ड : डीएम
छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज करने का निर्देश दिया है। डीएम साहिला ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सड़क मरम्मत, रखरखाव, सड़क सुरक्षा और छठ घाटों पर आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की।

__ बक्सर में सड़क मरम्मत और छठ की तैयारियों की समीक्षा; घाटों तक पहुंच पथ दुरुस्त करने, रोशनी, सीसीटीवी और चेंजिंग रूम की व्यवस्था का निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर।
छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज करने का निर्देश दिया है। डीएम साहिला ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में सड़क मरम्मत, रखरखाव, सड़क सुरक्षा और छठ घाटों पर आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़कों के गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराई जाए, दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक लगाए जाएं और छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों को समय रहते दुरुस्त किया जाए। तैयारियों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

__क्षतिग्रस्त सड़कों की पहचान कर तत्काल कराएं मरम्मत
डीएम ने पथ निर्माण विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग के बक्सर और डुमरांव प्रमंडलों तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र की सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों और गड्ढों को चिह्नित कर उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। प्रमुख मार्गों पर आवागमन सुगम बनाने के साथ मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।छठ के अवसर पर दूसरे राज्यों और जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा करें।

__ ब्लैक स्पॉट पर लगेंगे चेतावनी संकेतक
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए डीएम ने दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट की पहचान कर वहां आवश्यक साइनेज और चेतावनी बोर्ड लगाने का निर्देश दिया। इससे वाहन चालकों को खतरनाक स्थानों के प्रति पहले से सतर्क किया जा सकेगा। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े उपायों को प्रभावी बनाने और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।
छठ घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों पर विशेष नजर
नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों तक जाने वाले रास्तों का तत्काल निरीक्षण करने को कहा गया। जहां सड़कें खराब हैं या आवागमन में परेशानी की आशंका है, वहां शीघ्र मरम्मत और सुधार कराया जाए। डीएम ने घाटों पर जरूरत के अनुसार रंग-रोगन, चेंजिंग रूम, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त रोशनी और लाउडस्पीकर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर सभी तैयारियां समय से पूरी कराने को कहा गया।

__ एलईडी स्क्रीन पर प्रसारित होंगे जनहितकारी संदेश
बक्सर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को नगर क्षेत्र में अधिक से अधिक स्थायी और अस्थायी एलईडी स्क्रीन लगवाने का निर्देश दिया गया। इनके माध्यम से आम लोगों के लिए उपयोगी जनहितकारी संदेश प्रसारित किए जाएंगे। छठ महापर्व के दौरान छठ गीतों के प्रसारण और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था के लिए संबंधित समितियों के साथ समन्वय बनाने पर भी जोर दिया गया।

__ दुर्घटना होने पर तत्काल मिलेगी चिकित्सा सहायता
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के बाद त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। डीएम ने पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारियां तय करते हुए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायलों को जल्द चिकित्सा सहायता और जरूरी राहत मिल सके।डीएम ने कहा कि सड़क मरम्मत, सुरक्षा और छठ महापर्व की तैयारियों में समय-सीमा का सख्ती से पालन किया जाए। सभी विभाग कार्यों की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। प्रशासन का लक्ष्य है कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन के साथ घाटों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों।


