मोदी सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल, एलपीजी संकट से जनता परेशान: डॉ. मनोज पांडे

बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि सरकार जनहित के बुनियादी मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और एलपीजी गैस की किल्लत से आम जनता त्रस्त है, लेकिन केंद्र सरकार इन गंभीर समस्याओं पर चुप्पी साधे हुए है।

मोदी सरकार जनहित के मुद्दों पर विफल, एलपीजी संकट से जनता परेशान: डॉ. मनोज पांडे

__ महंगाई, बेरोजगारी और गैस किल्लत पर साधी चुप्पी, कांग्रेस करेगी चरणबद्ध आंदोलन

केटी न्यूज/बक्सर:

बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि सरकार जनहित के बुनियादी मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और एलपीजी गैस की किल्लत से आम जनता त्रस्त है, लेकिन केंद्र सरकार इन गंभीर समस्याओं पर चुप्पी साधे हुए है।गुरुवार को जारी एक विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति में डॉ. पांडे ने कहा कि जब देश में डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) की सरकार थी, तब भारतीय जनता पार्टी के नेता उन्हें “मौन प्रधानमंत्री” कहकर लगातार आलोचना करते थे।

लेकिन आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता ने भारी बहुमत दिया है, तब ज्वलंत मुद्दों पर उनकी चुप्पी साफ दिखाई दे रही है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कई जगहों पर उसकी कमी ने गरीब, मध्यम वर्ग, किसान और मजदूर परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रसोई का बजट बिगड़ गया है और महिलाएं घरेलू खर्च चलाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। इसके बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस पहल नहीं दिखाई दे रही है।डॉ. पांडे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से जनता के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक उठाती रही है। इसी क्रम में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने संसद परिसर में महंगाई, बेरोजगारी और गैस संकट जैसे मुद्दों को मजबूती से उठाया और सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि एक समय गैस सिलेंडर की कीमत में मामूली बढ़ोतरी पर भाजपा के कई बड़े नेता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करते थे। उस समय स्मृति ईरानी सहित कई नेता गैस सिलेंडर को लेकर बड़े-बड़े बयान देते थे, लेकिन आज जब गैस की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं और आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, तब वही नेता पूरी तरह मौन हैं।डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ही एलपीजी संकट, महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी जनता की राय लेकर जिले में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी।