जर्जर बिजली व्यवस्था ने ली एक और जान, खेत जाने के दौरान करंट की चपेट में आए वृद्ध

सिकरौल थाना क्षेत्र के हरोजा गांव में जर्जर विद्युत व्यवस्था एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। शुक्रवार की देर शाम खेत की सिंचाई के लिए जा रहे 61 वर्षीय सुखराज राम की टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।

जर्जर बिजली व्यवस्था ने ली एक और जान, खेत जाने के दौरान करंट की चपेट में आए वृद्ध

केटी न्यूज/नावानगर

सिकरौल थाना क्षेत्र के हरोजा गांव में जर्जर विद्युत व्यवस्था एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। शुक्रवार की देर शाम खेत की सिंचाई के लिए जा रहे 61 वर्षीय सुखराज राम की टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार सुखराज राम शाम के समय खेत की पटवन के लिए बाधार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खेत में पहले से टूटकर पड़ा विद्युत तार करंट प्रवाहित कर रहा था। अंधेरा होने के कारण उन्हें तार दिखाई नहीं दिया और उसके संपर्क में आते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों की सूचना पर सिकरौल थाना पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष दिलीप यादव ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर यूडी केस दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि गांव के आसपास लगे कई बिजली के तार लंबे समय से जर्जर हैं और अक्सर टूटकर खेतों व रास्तों में गिर जाते हैं। शिकायत के बावजूद समय पर मरम्मत नहीं होने से लोगों की जान जोखिम में बनी रहती है।