डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान, भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन विस्तार पर जोर
भारतीय जनता पार्टी की बक्सर इकाई ने जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को पार्टी कार्यालय, अहिरौली में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।


__ बक्सर में आयोजित जयंती समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री समेत कई नेताओं ने किया संबोधित
__ विकसित भारत-2047 और राष्ट्र सेवा के संकल्प को बताया प्राथमिकता
केटी न्यूज/बक्सर
भारतीय जनता पार्टी की बक्सर इकाई ने जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को पार्टी कार्यालय, अहिरौली में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में वक्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने स्वागत भाषण में दूर-दराज से पहुंचे कार्यकर्ताओं तथा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण से ही संभव है।सम्मेलन के मुख्य अतिथि भारत सरकार के केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. राज भूषण चौधरी निषाद ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग और अखंड भारत की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श आज भी देश के युवाओं और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प अब जनभागीदारी का अभियान बन चुका है और इसे साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

सदर विधायक आनंद मिश्रा ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अवधि में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को निरंतर जनता के बीच सक्रिय रहना होगा।प्रदेश मंत्री प्रभाकर मिश्रा एवं भाजपा जिला प्रभारी अरुण कुशवाहा ने संगठन विस्तार, बूथ स्तर तक पार्टी की मजबूती और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ताओं में निहित है और संगठनात्मक एकजुटता ही भविष्य की सफलता का आधार बनेगी।

सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री लक्ष्मण शर्मा ने किया। इस अवसर पर राणा प्रताप सिंह, सच्चिदानंद भगत, पूनम रविदास, धनंजय त्रिगुण, मिठाई सिंह, निर्भय राय सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे और राष्ट्र सेवा तथा संगठन सुदृढ़ीकरण का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम में पुनीत सिंह, मीना सिंह कुशवाहा, रमेश गुप्ता, शीला त्रिवेदी, इंदु देवी, दिलीप चंद्रवंशी, भुटेली तिवारी, ओमज्योति भगत, संध्या पांडेय, सुधा गुप्ता, रेखा शर्मा, अरविंद पासवान, दीपक पांडेय, सुनील सिंह, आशानंद सिंह, हिरामन पासवान, मनोज पांडेय, धनंजय राय, पिंकी पाठक, प्रिया राय, मंजू देवी, उमाशंकर राय सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

