भीषण गर्मी की मार: किसान पंजीकरण कैंप में बेहोश हुआ कर्मी, व्यवस्था पर उठे सवाल
भीषण गर्मी और तपती धूप अब सरकारी कर्मियों की सेहत पर भी भारी पड़ने लगी है। शनिवार को चक्की प्रखंड के हेनवा काली स्थान के पास चल रहे फॉर्मर आईडी पंजीकरण अभियान के दौरान एक कर्मी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए पूरा कैंप अस्त-व्यस्त हो गया।


केटी न्यूज/चक्की
भीषण गर्मी और तपती धूप अब सरकारी कर्मियों की सेहत पर भी भारी पड़ने लगी है। शनिवार को चक्की प्रखंड के हेनवा काली स्थान के पास चल रहे फॉर्मर आईडी पंजीकरण अभियान के दौरान एक कर्मी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए पूरा कैंप अस्त-व्यस्त हो गया।जानकारी के अनुसार डाटा इंट्री ऑपरेटर सह प्रभारी पंचायत सचिव कृष्णा कुमार किसानों की फॉर्मर आईडी बनाने के कार्य में जुटे थे। इसी दौरान तेज धूप और उमस के बीच लगातार काम करते-करते उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े।

उन्हें गिरता देख वहां मौजूद ग्रामीण और अन्य कर्मी दौड़ पड़े। लोगों ने तुरंत पानी छिड़ककर और प्राथमिक सहायता देकर उन्हें संभाला। करीब एक घंटे तक आराम करने के बाद उनकी हालत सामान्य हो सकी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कैंप स्थल पर न तो पर्याप्त छाया की व्यवस्था थी और न ही ठंडे पानी या प्राथमिक चिकित्सा की कोई विशेष सुविधा मौजूद थी। ऐसे में तेज धूप के बीच लगातार काम करना कर्मियों और किसानों दोनों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। घटना के बाद कुछ देर तक फॉर्मर आईडी बनाने का काम भी बाधित रहा।स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भीषण गर्मी को देखते हुए सरकारी कैंपों में शेड, पेयजल और स्वास्थ्य सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इलाके में बढ़ती गर्मी के बीच यह घटना सरकारी तैयारियों और जमीनी व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर रही है।

