दशहरा पर सुरक्षा का सख्त पहरा, 18 जगहों पर बनेंगे ड्रॉप गेट

दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 18 स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। वहीं, 17 से 21 अक्टूबर तक नगर क्षेत्र में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

दशहरा पर सुरक्षा का सख्त पहरा, 18 जगहों पर बनेंगे ड्रॉप गेट

__ 17 से 21 अक्टूबर तक नगर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक, पूजा पंडालों से लेकर विसर्जन मार्गों तक रहेगी पुलिस की निगरानी

__ सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई, अस्पतालों में 24 घंटे इमरजेंसी सेवा और अग्निशमन दल रहेंगे अलर्ट

केटी न्यूज/बक्सर।

दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में 18 स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए गए हैं। वहीं, 17 से 21 अक्टूबर तक नगर क्षेत्र में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों और विसर्जन मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। सोशल मीडिया पर भ्रामक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में नगर भवन, बक्सर में आयोजित ब्रीफिंग में अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विस्तृत निर्देश दिए गए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि पर्व के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा नियमित गश्ती करने का निर्देश दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों और नियंत्रण कक्ष को देनी होगी।

__ यातायात से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक रहेगी पैनी नजर

पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), अनुमंडल पदाधिकारी तथा बक्सर और डुमरांव के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को विस्तृत यातायात योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। पूजा समितियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रतिमा विसर्जन कराने को कहा गया है। विसर्जन की समाप्ति तक सुरक्षा बलों की तैनाती और विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। मानवरहित रेलवे क्रॉसिंगों पर भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

__ बिजली, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर

नगर निकायों को प्रमुख सड़कों, गलियों और पूजा स्थलों पर पर्याप्त रोशनी तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। विद्युत विभाग लटके और ढीले तारों की मरम्मत के साथ 17 से 20 अक्टूबर तक निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा। पूजा पंडालों के विद्युत कनेक्शन की जांच और सुरक्षा प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना भी अनिवार्य होगा। अवैध कनेक्शन मिलने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया है। सदर अस्पताल बक्सर, अनुमंडल अस्पताल डुमरांव और सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंबुलेंस, चिकित्सक, ऑक्सीजन और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन सेवा चालू रहेगी। जिला नियंत्रण कक्ष में भी आवश्यक दवाओं के साथ चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

__ अफवाह फैलाने वालों पर होगी त्वरित कार्रवाई

अग्निशमन व्यवस्था के तहत बक्सर और डुमरांव में अग्निशमन वाहनों को तैयार रखने तथा मॉडल थाना बक्सर और डुमरांव थाना में एक-एक वाहन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। वहीं, 17 से 21 अक्टूबर तक या प्रतिमा विसर्जन समाप्त होने तक वायरलेस संचार व्यवस्था 24 घंटे सक्रिय रहेगी।सोशल मीडिया की निगरानी के लिए पुलिस पदाधिकारियों और साइबर थाना को साइबर सेनानी व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सतर्क रहने को कहा गया है। भ्रामक खबरों, आपत्तिजनक पोस्ट, वीडियो और तस्वीरों पर त्वरित कार्रवाई करने के साथ अफवाहों का तत्काल खंडन किया जाएगा।

__ 22 अक्टूबर तक तैनात रहेंगे दंडाधिकारी और पुलिस बल

जिला प्रशासन के निर्देशानुसार 17 अक्टूबर के अपराह्न से 22 अक्टूबर तक अथवा प्रतिमा विसर्जन समाप्त होने और स्थिति सामान्य होने तक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल और लाठी बल तैनात रहेंगे। प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय, सतर्कता और तत्परता के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया है।

__ महत्वपूर्ण संपर्क नंबर

जिला नियंत्रण कक्ष, बक्सर: 06183-223333

वरीय प्रभार: निहारिका छवि, उप विकास आयुक्त, बक्सर

प्रभारी पदाधिकारी: कुमार नचिकेता, सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी

अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, डुमरांव: 06323-222781

प्रशासन का लक्ष्य है कि सुरक्षा, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य और संचार व्यवस्था में किसी तरह की बाधा न आए तथा दशहरा पर्व शांति और आपसी सौहार्द के वातावरण में संपन्न हो।