पंडालों में उमड़ेगी भीड़, आग से निपटने को अग्निशमन विभाग ने कसी कमर
दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच अगलगी की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और आग लगने पर शुरुआती स्तर पर ही उस पर काबू पाने के उद्देश्य से डुमरांव अनुमंडल के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया।

__ पूजा समितियों के स्वयंसेवकों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण, अग्निशमन यंत्र चलाने से लेकर आपात स्थिति में बचाव के बताए गए तरीके
केटी न्यूज/डुमरांव।
दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच अगलगी की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने और आग लगने पर शुरुआती स्तर पर ही उस पर काबू पाने के उद्देश्य से डुमरांव अनुमंडल के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अग्नि सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ पूजा समितियों के सदस्यों और स्वयंसेवकों को आग से बचाव का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।जिला अग्निशमन पदाधिकारी के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी ने किया। विभागीय अधिकारियों और कर्मियों की टीम ने अलग-अलग पूजा पंडालों में पहुंचकर सुरक्षा संबंधी इंतजामों की पड़ताल की। साथ ही पूजा समितियों को अग्नि सुरक्षा के जरूरी उपायों के प्रति जागरूक किया।

__ मुसीबत के समय काम आएगा प्रशिक्षण
निरीक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को अग्निशमन यंत्र चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्हें बताया गया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल उचित कदम उठाना, उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों का सही इस्तेमाल करना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देना बेहद जरूरी है। विभागीय कर्मियों ने आपात स्थिति में सतर्कता बरतने और आग पर शुरुआती स्तर पर नियंत्रण पाने के तरीकों की जानकारी भी दी।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पूजा पंडालों में बिजली की सजावट, अस्थायी संरचनाओं और श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के बीच छोटी-सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में अग्नि सुरक्षा के इंतजाम केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनसुरक्षा की बुनियादी जरूरत हैं।अग्निशमन विभाग की इस पहल का मकसद पूजा समितियों को संभावित खतरे के प्रति पहले से तैयार रखना और आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। विभाग ने पर्व के दौरान सतर्कता बरतने तथा सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करने पर जोर दिया।

