गंदे पानी ने बिगाड़ी मुख्य मार्ग की सूरत, अस्पताल जाने वाले मरीज भी हो रहे परेशान
चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप जलनिकासी व्यवस्था की लापरवाही अब आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। सड़क किनारे नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के घरों से निकलने वाला गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। स्थिति यह हो गई है कि सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह धंसकर बड़े गड्ढे में तब्दील हो चुका है।


केटी न्यूज/चौसा
चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप जलनिकासी व्यवस्था की लापरवाही अब आम लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बनती जा रही है। सड़क किनारे नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के घरों से निकलने वाला गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। स्थिति यह हो गई है कि सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह धंसकर बड़े गड्ढे में तब्दील हो चुका है। इससे रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।सबसे अधिक दिक्कत अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों को हो रही है।

स्वास्थ्य केंद्र के पास सड़क खराब रहने के कारण एंबुलेंस, बाइक और ई-रिक्शा चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव हो जाता है, जिससे गड्ढा दिखाई नहीं देता और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। कई बार बाइक सवार गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।

स्थानीय निवासी निर्मल सिंह, मंगरु कुमार और गुड्डू ने कहा कि कई बार अधिकारियों को मौखिक और लिखित रूप से सूचना दी गई, बावजूद इसके केवल आश्वासन ही मिला।लोगों का आरोप है कि यदि समय रहते जलनिकासी की उचित व्यवस्था कर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाए तथा स्थायी नाला निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

