मुहर्रम की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जारी हुए सख्त निर्देश

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नया भोजपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

मुहर्रम की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर जारी हुए सख्त निर्देश

__ शांति समिति की बैठक में जुलूस मार्ग, बिजली, सफाई और लाइसेंस व्यवस्था पर बनी रणनीति, नई परंपरा शुरू करने से पहले लेनी होगी अनुमति

केटी न्यूज/डुमरांव

आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नया भोजपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और इसमें आम लोगों का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहेगा।बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राकेश कुमार ने की। इस दौरान एसडीपीओ पोलस्त कुमार तथा थानाध्यक्ष चंदन कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मुहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूसों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में ताजिया जुलूस के संभावित मार्गों पर विशेष विचार-विमर्श किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही गुजरेंगे। किसी भी नई परंपरा या नए रूट को अपनाने से पहले संबंधित समितियों को प्रशासनिक अनुमति प्राप्त करनी होगी। अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित रखने के लिए डीजे, लाउडस्पीकर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। वहीं नगर पंचायत और संबंधित विभागों को जुलूस मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

बैठक में पेयजल और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया। इसके अलावा बिजली आपूर्ति को लेकर अधिकारियों ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। जुलूस मार्गों पर मौजूद जर्जर बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त करने तथा आवश्यकता पड़ने पर नए तार लगाने का आदेश संबंधित विभाग को दिया गया, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके। साथ ही पर्व के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि सभी जुलूस समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। बैठक में कन्हैया राम, मो. अशफाक, उमेश गोस्वामी, पवन कुमार गोंड, भरत चौधरी, इरफान खान, सरफुद्दीन अहमद, लक्ष्मण चौधरी, बिनोद ठाकुर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।