डुमरांव में सहयोग शिविरों में उमड़ी लोगों की भीड़, 124 आवेदनों में 53 का मौके पर निस्तारण
बिहार सरकार के निर्देश पर मंगलवार को डुमरांव प्रखंड क्षेत्र के अटाव, कोरानसराय, छतनवार एवं अरियाव पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की।

__ प्रखंड कार्यालय में जनकल्याण शिविर के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का मिला लाभ, अगले दो दिनों तक जारी रहेगा अभियान
केटी न्यूज/डुमरांव।
बिहार सरकार के निर्देश पर मंगलवार को डुमरांव प्रखंड क्षेत्र के अटाव, कोरानसराय, छतनवार एवं अरियाव पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं योजनाओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की।प्राप्त जानकारी के अनुसार चारों पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों में कुल 124 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 53 आवेदनों का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष लंबित आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर दर्ज कर नियमानुसार समयबद्ध तरीके से निपटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

इधर, सरकार की नई पहल के तहत प्रखंड मुख्यालय स्थित डुमरांव प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रखंड सहयोग सह जनकल्याण शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीण विकास विभाग, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, स्वास्थ्य विभाग सहित 16 विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए थे, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन भी स्वीकार किए गए।शिविर के दौरान 98 लाभुकों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन जमा किए। वहीं स्वास्थ्य जांच शिविर में 58 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों के लिए आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच नए आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए।

विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) संदीप कुमार पाण्डेय ने कहा कि बिहार सरकार की मंशा है कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव और प्रखंड स्तर पर ही सहजता से उपलब्ध हो। उन्होंने बताया कि सहयोग शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है तथा योजनाओं से वंचित पात्र लाभुकों को चिन्हित कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है।

बीडीओ श्री पाण्डेय ने कहा, “शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की नियमित निगरानी की जा रही है। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव था, उनका मौके पर निस्तारण कर दिया गया है, जबकि शेष आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर दर्ज कर समयसीमा के भीतर निष्पादित किया जाएगा। सरकार के निर्देशानुसार अगले दो दिनों तक प्रखंड स्तर पर नियमित रूप से सहयोग सह जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे।”शिविरों के सफल आयोजन से ग्रामीणों में संतोष देखा गया तथा लोगों ने सरकार की इस पहल की सराहना की।

