दिव्यांगजनों के लिए 20 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला
दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, बक्सर की ओर से 20 अगस्त को विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। इसमें निजी क्षेत्र की तीन कंपनियां विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

__ 142 पदों पर होगी बहाली, निजी क्षेत्र की तीन कंपनियां लेंगी साक्षात्कार; बक्सर में रोजगार का मिलेगा अवसर
केटी न्यूज/बक्सर।
दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला नियोजनालय, बक्सर की ओर से 20 अगस्त को विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। इसमें निजी क्षेत्र की तीन कंपनियां विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेले में कुल 142 रिक्त पदों पर नियुक्ति का अवसर उपलब्ध कराया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एलआईसी इंडिया की ओर से बीमा सखी एवं बीमा सलाहकार के 50 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 45 वर्ष तथा न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों का वेतन साक्षात्कार के आधार पर तय किया जाएगा। कार्यस्थल बक्सर रहेगा।

इसी तरह एबी इंडिया सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आंकड़ा संचालक, दूरभाष वार्ताकार एवं वीडियो निर्माता के 42 पदों पर बहाली की जाएगी। इसके लिए 18 से 45 वर्ष आयु सीमा तथा इंटरमीडिएट एवं डीसीए की योग्यता आवश्यक है। चयनित अभ्यर्थियों को 8 हजार से 12 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जाएगा। कार्यस्थल बक्सर अथवा घर से काम करने की सुविधा होगी।निर्मला जॉब रोजगार एजेंसी की ओर से दूरभाष वार्ताकार के 50 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए 18 से 35 वर्ष आयु सीमा और दसवीं या उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता निर्धारित है। वेतन 10 हजार से 15 हजार रुपये प्रतिमाह होगा तथा कार्य घर से करने का अवसर मिलेगा।

रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र एवं अंकपत्र की छायाप्रति तथा पासपोर्ट आकार के दो रंगीन फोटो साथ लाने होंगे। मेले में भाग लेने के लिए राष्ट्रीय कैरियर सेवा (एनसीएस) पोर्टल पर रोजगार चाहने वाले अभ्यर्थी के रूप में पंजीकरण अनिवार्य है। जिन अभ्यर्थियों का पंजीकरण नहीं है, वे मेले के दौरान स्थल पर पंजीकरण करा सकते हैं अथवा एनसीएस पोर्टल पर स्वयं निःशुल्क ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।जिला नियोजनालय ने स्पष्ट किया है कि रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है। नियुक्ति की शर्तों और सेवा संबंधी मामलों के लिए संबंधित निजी नियोजक स्वयं जिम्मेदार होंगे। जिला नियोजनालय की भूमिका केवल सुविधा प्रदाता की होगी।

