सहयोग शिविरों का अधिकारियों ने लिया जायजा, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच मजबूत करने और आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले की विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का वरीय अधिकारियों ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


केटी न्यूज/बक्सर।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन की पहुंच मजबूत करने और आम लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले की विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का वरीय अधिकारियों ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने शिविर में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बक्सर प्रखंड की बरुना पंचायत में उप विकास आयुक्त निहारिका छवि ने सहयोग शिविर का अनुश्रवण किया। वहीं नावानगर प्रखंड की मणियां पंचायत में अपर समाहर्त्ता अरुण कुमार सिंह तथा ब्रह्मपुर प्रखंड की कांट पंचायत में अपर समाहर्त्ता विभागीय जांच सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने शिविर की व्यवस्था और कार्यों का जायजा लिया।

जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रखंडों में तैनात वरीय पदाधिकारियों ने भी अलग-अलग पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का अनुश्रवण किया। इस दौरान अधिकारियों ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की भी समीक्षा की।प्रशासन की ओर से बताया गया कि सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और पंचायत स्तर पर ही उनकी समस्याओं के समाधान की व्यवस्था करना है। शिविर के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया को भी गति दी जा रही है।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कर्मियों को आमजनों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

