7 जुलाई को पंचायतों में लगेगा जिला प्रशासन का सहयोग शिविर, मौके पर होगा जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बक्सर की ओर से 7 जुलाई को जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा।

__ सुबह 10 से 1 और दोपहर 2 से 5 बजे तक विभिन्न पंचायतों में शिविर, प्रशासनिक, पुलिस व सभी विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
केटी न्यूज/बक्सर।
आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन बक्सर की ओर से 7 जुलाई को जिले के विभिन्न प्रखंडों की पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर दो पालियों में संचालित होंगे, जहां प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहकर लोगों की शिकायतों का मौके पर ही निष्पादन करेंगे।प्रथम पाली में सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक इटाढ़ी प्रखंड की बसाव कला एवं बसुधर, राजपुर की सिकठी, चौसा की चुन्नी, डुमरांव की लाखनडिहरा, सिमरी की सिमरी एवं बलिहार, ब्रह्मपुर की गायघाट एवं दक्षिणी नैनीजोर, चक्की की अरक, नावानगर की भटौली एवं रूपसागर, चौगाई की मसर्हिया तथा केसठ की कतिकनार पंचायत में सहयोग शिविर आयोजित होगा।

वहीं, दूसरी पाली में दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक बक्सर प्रखंड की सोनवर्षा एवं दलसागर, चौसा की पवनी, इटाढ़ी की उनवास, राजपुर की अकबरपुर एवं देवढ़ियां, डुमरांव की मुंगाव, सिमरी की मझवारी, ब्रह्मपुर की कैथी एवं पोखरहा तथा नावानगर की वैना पंचायत में शिविर लगाया जाएगा।जिला प्रशासन के अनुसार प्रत्येक सहयोग शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आपूर्ति, बिजली, पेयजल, ग्रामीण विकास समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।

प्रशासन ने बताया कि शिविर स्थलों पर आम नागरिकों की सुविधा के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, शीतल पेयजल, शौचालय तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपनी संबंधित पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान कराएं तथा इस जनहितकारी पहल का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

