इटाढ़ी फाटक बंद रहने से बढ़ी आवागमन की मुश्किलें, समाधान की मांग तेज
बक्सर-वरुणा रेल ओवरब्रिज (आरओबी) से जुड़े विवाद के बीच इटाढ़ी रेलवे फाटक बंद रहने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फाटक बंद होने से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की बढ़ती परेशानियों को लेकर मंगलवार को बक्सर रेलवे स्टेशन परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

__ बक्सर स्टेशन परिसर में कांग्रेस का प्रदर्शन, फाटक खोलने और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की उठी मांग
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर-वरुणा रेल ओवरब्रिज (आरओबी) से जुड़े विवाद के बीच इटाढ़ी रेलवे फाटक बंद रहने का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है। फाटक बंद होने से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की बढ़ती परेशानियों को लेकर मंगलवार को बक्सर रेलवे स्टेशन परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और शीघ्र समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि फाटक बंद होने से हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही प्रभावित हो रही है, जिससे आमजन को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि इटाढ़ी रेलवे फाटक आसपास के कई गांवों और कस्बों को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है।

इसके बंद होने के बाद लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह का बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, कर्मचारी, व्यवसायी और मरीज इसी मार्ग से जिला मुख्यालय पहुंचते हैं, लेकिन वर्तमान स्थिति में उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने प्रशासन और रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्या का शीघ्र समाधान निकालने की मांग की। उनका कहना था कि आम लोगों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए और जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं बनती, तब तक राहत के लिए वैकल्पिक उपाय किए जाने चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान चौसा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजा रमण पांडेय ने भी लोगों की परेशानियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आरओबी से संबंधित स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण आम जनता असमंजस में है। उन्होंने संबंधित विभागों से मामले की समीक्षा कर जल्द निर्णय लेने की मांग की, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।धरना-प्रदर्शन में मौजूद कार्यकर्ताओं ने रेलवे एवं जिला प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो वे आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

