हर माह अंतिम रविवार को होगा पंचायत विकास दिवस का आयोजन

बक्सर। जिले में अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।

हर माह अंतिम रविवार को होगा पंचायत विकास दिवस का आयोजन

__ ग्राम पंचायतों में योजनाओं की समीक्षा और जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर

केटी न्यूज/बक्सर

बक्सर। जिले में अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित कर कार्यक्रम की तैयारियों एवं सफल क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। बैठक में पंचायत विकास दिवस को प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जिले की सभी ग्राम पंचायतों में प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पूर्वाह्न 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पंचायत विकास दिवस आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत स्तर पर विकास योजनाओं की समीक्षा, आम लोगों की समस्याओं का समाधान और ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत विकास दिवस की जानकारी ग्राम सभा के सभी सदस्यों तक समय पर पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आम लोगों की सक्रिय भागीदारी से पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को और बेहतर गति मिल सकेगी।उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत विकास दिवस का आयोजन पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, विद्यालय, सामुदायिक भवन अथवा किसी ऐसे सार्वजनिक स्थल पर किया जाए, जहां सभी वर्गों के लोग आसानी से पहुंचकर शामिल हो सकें। साथ ही आयोजन स्थल पर पर्याप्त रोशनी, शुद्ध पेयजल, शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना प्रसारित करने तथा ग्राम पंचायत के सम्मानित सदस्यों और पंचों के माध्यम से घर-घर संपर्क अभियान चलाकर लोगों को पंचायत विकास दिवस की जानकारी देने का निर्देश दिया।बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि वे पंचायत विकास दिवस के अवसर पर विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर कार्यक्रम के संचालन की स्थिति का जायजा लें और प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करें।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को पंचायत विकास दिवस को जनहित से जुड़ा प्रभावी मंच बनाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करने का निर्देश दिया।