मध्य विद्यालयों में अब हाईस्कूल के विशेषज्ञ शिक्षक देंगे कंप्यूटर, खेल और संगीत की शिक्षा

प्रखंड शिक्षा कार्यालय परिसर स्थित बीआरसी भवन में सोमवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरेश प्रसाद की अध्यक्षता में गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों को सरकार के निर्देशों से अवगत कराते हुए विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।

मध्य विद्यालयों में अब हाईस्कूल के विशेषज्ञ शिक्षक देंगे कंप्यूटर, खेल और संगीत की शिक्षा

__ राजपुर में गुरु गोष्ठी आयोजित, बीईओ ने योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर

केटी न्यूज/राजपुर :-

प्रखंड शिक्षा कार्यालय परिसर स्थित बीआरसी भवन में सोमवार को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सुरेश प्रसाद की अध्यक्षता में गुरु गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों को सरकार के निर्देशों से अवगत कराते हुए विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर चर्चा की गई।तीन अलग-अलग चरणों में आयोजित इस गुरु गोष्ठी में प्राथमिक विद्यालय, मध्य विद्यालय और उच्च विद्यालयों के प्रधान शिक्षकों को अलग-अलग बुलाया गया। बैठक में बीईओ ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

इसी क्रम में वैसे उच्च विद्यालयों के कंप्यूटर शिक्षक, शारीरिक शिक्षक और संगीत शिक्षक, जहां इनकी उपलब्धता है, उन्हें सप्ताह में तीन दिन मध्य विद्यालयों में प्रतिनियुक्त किया जाएगा।उन्होंने बताया कि प्रतिनियुक्त शिक्षक मध्य विद्यालयों में कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और संगीत से संबंधित जानकारी देंगे। इससे बच्चों में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ रचनात्मक और शारीरिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।बैठक के दौरान सभी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों का शत-प्रतिशत आधार आईडी तैयार करने और ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर शिक्षकों की प्रोफाइल अपडेट करने का निर्देश दिया गया। बीईओ ने कहा कि विभागीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी योजनाओं का समय पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा।

उन्होंने वैसे विद्यालयों की सूची भी जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, जहां 12वीं कक्षा के ऐसे शिक्षक कार्यरत हैं, जिन्होंने पीएचडी, नेट या जेआरएफ जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यता हासिल की है। इसके अलावा विद्यालयों में कार्यरत सफाई कर्मियों की उपस्थिति से संबंधित रिपोर्ट भी मांगी गई।गोष्ठी में विद्यालयों में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की समीक्षा की गई और प्रधान शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं का लाभ विद्यार्थियों तक सही समय पर पहुंचे। बीईओ ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना सभी शिक्षकों की जिम्मेदारी है।मौके पर शिक्षक विनोद पांडेय, मिथिलेश ठाकुर, धनंजय मिश्रा, जितेंद्र ज्वाला, राहुल सिंह, जितेंद्र प्रसाद सिंह, ऑपरेटर प्रकाश कुमार सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधान शिक्षक एवं शिक्षक मौजूद थे।