बक्सर रेल अस्पताल की बदहाली पर रेलयात्री कल्याण समिति का गहन निरीक्षण, आंदोलन की चेतावनी

रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बक्सर रेल अस्पताल का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में व्याप्त समस्याओं का बारीकी से अवलोकन किया और कई गंभीर खामियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।

बक्सर रेल अस्पताल की बदहाली पर रेलयात्री कल्याण समिति का गहन निरीक्षण, आंदोलन की चेतावनी

केटी न्यूज/डुमरांव

रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बक्सर रेल अस्पताल का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में व्याप्त समस्याओं का बारीकी से अवलोकन किया और कई गंभीर खामियों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया।डॉ. सिंह ने बताया कि दानापुर से झाझा की दूरी मात्र 186 किलोमीटर है, जिसके बीच सात रेल अस्पताल मौजूद हैं, जबकि दानापुर से दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक 221 किलोमीटर की दूरी में मात्र एक ही रेल अस्पताल बक्सर में है, वह भी सुविधाविहीन स्थिति में।

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्रीय असंतुलन और बक्सर के साथ हो रहा घोर अन्याय को दर्शाता है।निरीक्षण में यह भी सामने आया कि बक्सर रेल अस्पताल का भवन अत्यंत जर्जर अवस्था में है। अंग्रेजों के जमाने का लगभग दो सौ वर्ष पुराना यह भवन हल्की बारिश में ही टपकने लगता है, जिससे मरीजों और कर्मचारियों को भारी परेशानी होती है। उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक से इस स्थिति का शीघ्र संज्ञान लेते हुए नए भवन निर्माण की पहल करने की मांग की।डॉ. सिंह ने यह भी बताया कि अस्पताल में गंभीर रोगियों के लिए रात्रि में ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं है। साथ ही, दवाओं की भारी कमी बनी रहती है, जिससे रेलकर्मियों को बाहर से दवा खरीदनी पड़ती है।

डॉक्टरों और अन्य कर्मचारियों की संख्या भी अपर्याप्त है, जिसके कारण मरीजों के साथ-साथ अस्पतालकर्मियों पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ता है।इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि एक ओर बक्सर स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की घोषणाएं की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं का घोर अभाव है। यह बक्सर के जनप्रतिनिधियों की उदासीनता का परिणाम है।मौके पर मौजूद बक्सर शाखा के संयोजक वीरेंद्र ओझा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो बक्सर रेल अस्पताल की बदहाली के खिलाफ विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर दानापुर मंडल कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा।