अमृत भारत योजना की राह में डुमरांव स्टेशन, नए फुट ओवरब्रिज की तैयारी
दानापुर-बक्सर रेलखंड के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल डुमरांव रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता एक बार फिर चर्चा में है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही के बावजूद स्टेशन का मौजूदा फुट ओवरब्रिज बढ़ते यात्री दबाव के अनुरूप पर्याप्त नहीं माना जा रहा है।

__ मौजूदा ओवरब्रिज पर भीड़ और धूप से यात्री परेशान, सुविधाओं के विस्तार की मांग तेज
केटी न्यूज/डुमरांव।
दानापुर-बक्सर रेलखंड के महत्वपूर्ण स्टेशनों में शामिल डुमरांव रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता एक बार फिर चर्चा में है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही के बावजूद स्टेशन का मौजूदा फुट ओवरब्रिज बढ़ते यात्री दबाव के अनुरूप पर्याप्त नहीं माना जा रहा है। खासकर गर्मी के मौसम में ओवरब्रिज पर शेड नहीं होने से यात्रियों को तेज धूप के बीच प्लेटफॉर्म बदलने के लिए मजबूर होना पड़ता है।डुमरांव स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री दिल्ली, मुंबई, कोलकाता समेत देश के विभिन्न शहरों के लिए यात्रा करते हैं। इसके अलावा बक्सर, दियारा क्षेत्र तथा रोहतास सीमा के आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग भी बड़ी संख्या में इसी स्टेशन पर निर्भर हैं।

यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं में सुधार की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। विशेष रूप से फुट ओवरब्रिज की चौड़ाई कम होने के कारण ट्रेन आने और जाने के समय यहां भीड़ बढ़ जाती है।यात्रियों के अनुसार भीषण गर्मी के दौरान ओवरब्रिज पर शेड नहीं होने से लोगों को धूप का सामना करना पड़ता है, जबकि बरसात के दिनों में भी स्थिति कम चुनौतीपूर्ण नहीं रहती। भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को प्लेटफॉर्म बदलने में अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ती है। भीड़ बढ़ने पर कई बार ओवरब्रिज पर आवाजाही धीमी हो जाती है, जिससे यात्रियों को ट्रेन पकड़ने में भी दिक्कत होती है।

रेलयात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर पेयजल, शौचालय और यात्री सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं को भी और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए आधारभूत संरचना के विस्तार की मांग लगातार उठ रही है।इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि डुमरांव स्टेशन के विकास को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत योजना के अंतर्गत स्टेशन पर एक नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण का प्रस्ताव शामिल है। साथ ही वर्तमान ओवरब्रिज और अन्य यात्री सुविधाओं के उन्नयन को लेकर उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। योजना के क्रियान्वयन के बाद यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

