मजदूर परिवार की बेटी की सफलता पर गांव में गौरव का माहौल, सम्मानित हुईं सुंदरी कुमारी
चौसा प्रखंड के बनारपुर गांव की बेटी एवं 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर बनीं सुंदरी कुमारी की उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को गांव और समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने उनके पैतृक आवास पहुंचकर सम्मानित किया।

केटी न्यूज/चौसा
चौसा प्रखंड के बनारपुर गांव की बेटी एवं 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल कर स्टेट टैक्स असिस्टेंट कमिश्नर बनीं सुंदरी कुमारी की उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को गांव और समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए पूर्व जिला पार्षद एवं अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने उनके पैतृक आवास पहुंचकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने सुंदरी को शाल ओढ़ाकर तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर का तैलचित्र भेंट कर शुभकामनाएं दीं।सम्मान समारोह के दौरान डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि सीमित संसाधनों और सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि के बावजूद सुंदरी कुमारी ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि मजदूर परिवार से निकलकर राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास के सामने आर्थिक अभाव भी बाधा नहीं बन सकते।उन्होंने कहा कि सुंदरी की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे बनारपुर गांव, चौसा प्रखंड और बक्सर जिले के लिए गर्व की बात है। उनकी उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र के उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो कठिन परिस्थितियों में रहकर अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से सुंदरी के संघर्ष, अनुशासन और समर्पण से प्रेरणा लेते हुए लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

सम्मान से अभिभूत सुंदरी कुमारी ने सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों के सहयोग तथा लगातार किए गए प्रयासों का ही यह परिणाम है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।इस अवसर पर बहुजन समाज पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष विजय राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने सुंदरी कुमारी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ा है।

