शिक्षक-अभिभावक संवाद में उठे पढ़ाई के मुद्दे, नियमित उपस्थिति और मोबाइल से दूरी पर जोर
सरकार के निर्देश पर आयोजित शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी के तहत शनिवार को प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में बैठकें हुईं। प्लस टू उच्च विद्यालय तियरा में आयोजित संगोष्ठी में अभिभावकों और छात्रों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

केटी न्यूज/राजपुर
सरकार के निर्देश पर आयोजित शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी के तहत शनिवार को प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में बैठकें हुईं। प्लस टू उच्च विद्यालय तियरा में आयोजित संगोष्ठी में अभिभावकों और छात्रों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक की अध्यक्षता प्रधानाध्यापक ब्रजेश राय ने की।संगोष्ठी के दौरान अभिभावक अनिल कुमार सिंह, विश्वामित्र सिंह, राघव सिंह और वीर बहादुर ने कुछ विषयों की पढ़ाई नियमित रूप से नहीं होने की बात उठाते हुए इसमें सुधार की आवश्यकता बताई। वहीं छात्रों ने कहा कि विद्यालय में विषयवार शिक्षक उपलब्ध हैं, लेकिन स्पष्ट समय-सारिणी के अभाव में कई बार कुछ विषयों की कक्षाएं नहीं हो पाती हैं।

इस पर विद्यालय प्रबंधन ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और आवश्यक सुधार का भरोसा दिया।प्रधानाध्यापक ब्रजेश राय ने कहा कि विद्यालय में सभी विषयों के शिक्षक कार्यरत हैं और नियमित रूप से पढ़ाई कराई जाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें, क्योंकि विद्यालय में पाठ्यक्रम के साथ-साथ खेल, विज्ञान एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों का भी संचालन किया जाता है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों का सोशल मीडिया और मोबाइल की ओर बढ़ता रुझान उनकी पढ़ाई को प्रभावित कर रहा है।

ऐसे में अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों के मोबाइल और टीवी के उपयोग पर नियंत्रण रखें तथा उन्हें पुस्तकें और पत्रिकाएं पढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की क्षमता अलग होती है, इसलिए बच्चों की आपस में तुलना करने के बजाय उनका उत्साहवर्धन करना चाहिए। छोटी-छोटी गलतियों पर डांटने के बजाय सकारात्मक माहौल देकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना अधिक जरूरी है।बैठक में बीआरसी प्रतिनिधि प्रकाश कुमार, कमलकांत, आदित्य कुमार तथा शिक्षक श्यामनारायण ठाकुर, अजीत कुमार सहित कई अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित रहे।

