डीएसपी बनकर लौटी केसठ की बेटी पूजा, ढोल-नगाड़ों से गूंजा गांव, ग्रामीणों ने पलकों पर बिठाकर किया भव्य स्वागत
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में डीएसपी पद पर चयनित होकर केसठ गांव का नाम रोशन करने वाली बेटी पूजा कुमारी शनिवार को जब अपने गांव पहुंचीं तो पूरा गांव खुशी और गर्व से झूम उठा। अपनी होनहार बेटी के स्वागत में ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयकारों के साथ ऐसा अभिनंदन किया कि पूरा माहौल उत्सव में बदल गया।

__ बीपीएससी 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता के बाद पूजा कुमारी बनीं क्षेत्र की नई प्रेरणा, ग्रामीणों ने कहा- बेटियों के लिए है मिसाल
केटी न्यूज/केसठ।
बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में डीएसपी पद पर चयनित होकर केसठ गांव का नाम रोशन करने वाली बेटी पूजा कुमारी शनिवार को जब अपने गांव पहुंचीं तो पूरा गांव खुशी और गर्व से झूम उठा। अपनी होनहार बेटी के स्वागत में ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जयकारों के साथ ऐसा अभिनंदन किया कि पूरा माहौल उत्सव में बदल गया।केसठ निवासी कामता सिंह की पुत्री पूजा कुमारी के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके सम्मान में स्वागत जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, महिलाएं और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। फूलों की वर्षा और जोरदार नारों के बीच पूजा का गांव में प्रवेश कराया गया। हर कोई उनकी सफलता पर गर्व महसूस कर रहा था।

इस अवसर पर पंचायत के मुखिया अरविंद कुमार यादव उर्फ गामा पहलवान, पूर्व जिला परिषद सदस्य धनंजय आर्य सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने पूजा कुमारी को फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। लोगों ने कहा कि पूजा ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह मुकाम हासिल किया है और उनकी सफलता पूरे केसठ क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।ग्रामीणों ने कहा कि एक छोटे से गांव से निकलकर डीएसपी जैसे महत्वपूर्ण पद तक पहुंचना आसान नहीं होता। पूजा ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया कि प्रतिभा और मेहनत के सामने कोई भी परिस्थिति बाधा नहीं बन सकती। उनकी उपलब्धि गांव की बेटियों और युवाओं के लिए नई उम्मीद और प्रेरणा लेकर आई है।

स्वागत समारोह के दौरान ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया और पूजा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने कहा कि पूजा की सफलता आने वाली पीढ़ी को शिक्षा और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देगी।सम्मान से अभिभूत पूजा कुमारी ने सभी ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गांव का प्यार, स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह अपने पद की जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाते हुए समाज और राज्य की सेवा करेंगी।केसठ की इस बेटी की उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। ग्रामीणों के लिए यह पल लंबे समय तक यादगार रहेगा।

