डुमरांव से शिक्षा सुधार का संदेश, मंत्री मिथिलेश तिवारी ने टीआरई-4 और जर्जर स्कूल भवनों पर दिए बड़े संकेत
नागरिक मंच डुमरांव के तत्वावधान में स्थानीय मार्बल हॉल में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा।

__ नागरिक अभिनंदन समारोह में शिक्षा व्यवस्था को मॉडल बनाने का दोहराया संकल्प, जनप्रतिनिधियों से मांगी जर्जर विद्यालयों की सूची, विकास और उद्योग पर भी हुई चर्चा
केटी न्यूज/डुमरांव
नागरिक मंच डुमरांव के तत्वावधान में स्थानीय मार्बल हॉल में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की दिशा में सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा। मंत्री बनने के बाद डुमरांव के प्रथम आगमन पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राहुल सिंह, राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला तथा गया शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी जीवन कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।समारोह की अध्यक्षता डुमरांव राजपरिवार के मानविजय सिंह ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ समाजसेवी मुरली मनोहर श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् और राष्ट्रगान से हुई।

राज उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि सीपीएस उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर अभिनंदन किया। युवा भाजपा नेता दीपक यादव ने शिक्षा मंत्री को मां डुमरेजनी का स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। मंत्री के स्वागत में पुराना भोजपुर चौक से राजगढ़ चौक तक पुष्पवर्षा भी की गई।अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार की शिक्षा व्यवस्था को देश के लिए आदर्श मॉडल बनाने की दिशा में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने घोषणा की कि जुलाई माह में टीआरई-4 की अधिसूचना जारी की जाएगी।

साथ ही जनप्रतिनिधियों से जर्जर विद्यालय भवनों की सूची उपलब्ध कराने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसे भवनों के निर्माण एवं मरम्मत की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी।उन्होंने डुमरांव को औद्योगिक हब के रूप में विकसित करने की संभावनाओं तथा नवानगर में स्थापित हो रहे औद्योगिक प्रकल्पों को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।एमएलसी जीवन कुमार ने शिक्षकों के सम्मान और पारदर्शी स्थानांतरण व्यवस्था पर जोर दिया। विधायक राहुल सिंह ने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की स्वीकृति से लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से डुमरांव शहर में आधुनिक सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

उन्होंने क्षेत्र के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। पूर्व मंत्री संतोष कुमार निराला ने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए शिक्षा मंत्री का स्वागत किया।कार्यक्रम में प्रदीप कुमार जायसवाल, प्रो. मनोज सिंह, दिनेश सिंह, संतोष मिश्रा, शक्ति राय, सोनू राय, सुमित गुप्ता, ब्रह्मा ठाकुर, धनंजय सिंह, संजय तिवारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।

