किताब-कॉपी से संवरेगा भविष्य, निशुल्क कोचिंग सेंटर में बच्चों को मिला शिक्षा का संबल

आर्थिक अभाव में किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके, इसी उद्देश्य से नगर पंचायत चौसा के वार्ड संख्या 09 स्थित निशुल्क कोचिंग सेंटर में शिक्षा सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

किताब-कॉपी से संवरेगा भविष्य, निशुल्क कोचिंग सेंटर में बच्चों को मिला शिक्षा का संबल

केटी न्यूज/चौसा।

आर्थिक अभाव में किसी बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके, इसी उद्देश्य से नगर पंचायत चौसा के वार्ड संख्या 09 स्थित निशुल्क कोचिंग सेंटर में शिक्षा सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों के बीच आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उन्हें नियमित पढ़ाई के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षा सामग्री मिलने के बाद बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।कार्यक्रम में समाजसेवी कैप्टन जमुना सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की तरक्की का रास्ता शिक्षा से होकर गुजरता है। बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना केवल परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई छूटना चिंता का विषय है।ऐसे बच्चों को सहयोग देकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना समाज के हर सक्षम व्यक्ति का दायित्व है।उन्होंने कहा कि निशुल्क कोचिंग सेंटर का उद्देश्य बच्चों को सिर्फ पढ़ाना नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास पैदा कर उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति जागरूक करना भी है। शिक्षा सामग्री उपलब्ध होने से बच्चों को पढ़ाई में सहूलियत मिलेगी और उनके भीतर सीखने की ललक और मजबूत होगी। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से कोचिंग आने, अनुशासन के साथ पढ़ाई करने और अपने भविष्य के लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें मेहनत, अनुशासन और निरंतर अध्ययन का महत्व बताया गया। उपस्थित लोगों ने भी बच्चों को हरसंभव सहयोग देने और शिक्षा के प्रसार के लिए सामूहिक पहल जारी रखने की बात कही।मौके पर समाजसेवी शैलेश सिंह, सरोज सिंह, मुन्ना कुशवाहा, तेजू खरवार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।