लंबित कांडों पर एसपी सख्त, दीपावली पर जुआरियों की खैर नहीं
दीपावली से पहले अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। एसपी शुभम आर्य ने मंगलवार को डुमरांव अनुमंडल पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न थानों में लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधान की धीमी गति पर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस पदाधिकारियों को मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

__ डुमरांव अनुमंडल पुलिस कार्यालय के निरीक्षण में अनुसंधान और कार्रवाई की समीक्षा, लापरवाही करने वाले अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी; अवैध शराब के धंधे पर भी कसेगा शिकंजा
केटी न्यूज/डुमरांव।
दीपावली से पहले अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। एसपी शुभम आर्य ने मंगलवार को डुमरांव अनुमंडल पुलिस कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न थानों में लंबित कांडों की समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधान की धीमी गति पर गंभीरता दिखाते हुए पुलिस पदाधिकारियों को मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही दीपावली के दौरान जुआ खेलने और जुआ का अवैध कारोबार चलाने वालों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाने तथा अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने एएसपी भास्कर रंजन से लंबित कांडों की संख्या, अनुसंधान की प्रगति और अब तक की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि आपराधिक मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना और कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरतना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों के निष्पादन की दिशा में ठोस पहल करने को कहा गया।

__ मुरार थानाध्यक्ष के निलंबन से पुलिस महकमे में सख्ती का संदेश
मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी को 11 बिंदुओं पर लापरवाही के आरोप में निलंबित किए जाने के बाद एसपी का यह निरीक्षण पुलिस महकमे में जवाबदेही बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है। इस कार्रवाई से थानों के कामकाज और अनुसंधान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के बीच सख्त संदेश गया है। एसपी ने लंबित कांडों की नियमित समीक्षा करने और अनुसंधान में आ रही बाधाओं को दूर कर मामलों के निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया।एएसपी भास्कर रंजन ने एसपी को भरोसा दिलाया कि लंबित मामलों के निष्पादन के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। साथ ही यह सुनिश्चित करने का प्रयास होगा कि किसी भी मामले को बिना ठोस वजह के लंबित नहीं रखा जाए।

__ दीपावली पर जुआ अड्डों और शराब कारोबारियों पर रहेगी नजर
दीपावली के मद्देनजर एसपी ने सभी थाना क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने जुआ खेलने वालों के साथ-साथ जुआ का कारोबार संचालित करने वालों के खिलाफ भी छापेमारी अभियान चलाने को कहा। इसके अलावा अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।एसपी ने पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने को कहा। उन्होंने साफ किया कि अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों का समयबद्ध निष्पादन और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। दीपावली के दौरान किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि सामने आने पर संबंधित थाना स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।


