एक साल में उखड़ गई स्टेशन रोड की नई सड़क, गड्ढों में तब्दील हुआ रास्ता

डुमरांव रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाली सड़क व्यवस्था इन दिनों यात्रियों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। स्टेशन रोड के विष्णु मंदिर से पंच मंदिर तक करीब एक वर्ष पहले बनाई गई सड़क अब जगह-जगह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है।

एक साल में उखड़ गई स्टेशन रोड की नई सड़क, गड्ढों में तब्दील हुआ रास्ता

__ जलजमाव ने बढ़ाई मुश्किलें, हादसों के डर से वाहनों ने बदला रास्ता; विभागीय उदासीनता पर उठे सवाल

केटी न्यूज/डुमरांव।

डुमरांव रेलवे स्टेशन तक पहुंचने वाली सड़क व्यवस्था इन दिनों यात्रियों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। स्टेशन रोड के विष्णु मंदिर से पंच मंदिर तक करीब एक वर्ष पहले बनाई गई सड़क अब जगह-जगह टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। स्थिति यह है कि सड़क पर जमा पानी के कारण कई गड्ढों की गहराई का अंदाजा तक नहीं लग पाता और आए दिन वाहन उसमें फंसकर पलट रहे हैं।सबसे खराब स्थिति शील कुटवा बस्ती के समीप बनी हुई है। यहां सड़क पर जलजमाव के कारण आवागमन जोखिम भरा हो गया है। वाहन चालकों के अनुसार, गड्ढों में पानी भरा रहने से अचानक वाहन असंतुलित हो जाते हैं।

इस दौरान कई यात्री घायल भी हो चुके हैं और उन्हें अपनी यात्रा बीच में रोककर इलाज के लिए अस्पताल जाना पड़ा है।सड़क की जर्जर स्थिति का असर अब यातायात व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। विष्णु मंदिर से पंच मंदिर तक सीधे जाने से बचते हुए वाहन चालक पंच मंदिर से बाइपास रोड अथवा टेक्सटाइल कॉलोनी की ओर से होकर स्टेशन पहुंच रहे हैं। इससे यात्रियों को अतिरिक्त दूरी तय करने के साथ समय और ईंधन भी खर्च करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि शील कुटवा बस्ती की ओर से घरों और नलों का पानी सड़क की तरफ बहने के कारण जलजमाव की समस्या लगातार बनी रहती है।

पानी की निकासी का समुचित इंतजाम नहीं होने से नई सड़क भी महज एक साल में खराब हो गई।स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद से लेकर एनएच विभाग तक समस्या से अवगत होने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। लोगों ने सड़क की मरम्मत के साथ जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि यात्रियों और आम राहगीरों को दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके।