दुर्घटना के बाद मदद के नाम पर बाइक ले उड़े ‘मददगार’

रक्षाबंधन के दिन कोरानसराय थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल युवक जब गंभीर रूप से जख्मी अपनी मां को लेकर अस्पताल पहुंचने की जद्दोजहद में लगा था, उसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने उसकी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। मदद के नाम पर बाइक सुरक्षित रखने का भरोसा देने के बाद उसके गायब होने से पीड़ित परिवार सकते में है।

दुर्घटना के बाद मदद के नाम पर बाइक ले उड़े ‘मददगार’

__ मां के साथ दर्शन कर लौट रहे युवक का मुंगांव ईंट-भट्ठे के पास हुआ था हादसा, भीड़ में किसी ने सफेद अपाचे पर किया हाथ साफ; पुलिस ने कहा—आवेदन मिलते ही होगी प्राथमिकी

केटी न्यूज/बक्सर

रक्षाबंधन के दिन कोरानसराय थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। सड़क हादसे में घायल युवक जब गंभीर रूप से जख्मी अपनी  मां को लेकर अस्पताल पहुंचने की जद्दोजहद में लगा था, उसी दौरान मौके पर मौजूद लोगों में से किसी ने उसकी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। मदद के नाम पर बाइक सुरक्षित रखने का भरोसा देने के बाद उसके गायब होने से पीड़ित परिवार सकते में है।

घटना शुक्रवार की शाम करीब चार बजे कोरानसराय-मुंगांव पथ पर मुंगांव ईंट-भट्ठे के समीप की है। राजपुर थाना क्षेत्र के कुसुरुपा गांव निवासी मुरली यादव अपनी मां विद्यावती देवी के साथ डुमरेजनी माता का दर्शन कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ऑटो से टक्कर हो जाने के कारण दोनों दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में विद्यावती देवी के हाथ में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर होने की बात बताई जा रही है।

अचानक हुई दुर्घटना के बाद मुरली अपनी मां को लेकर काफी परेशान हो गए। वह मां के इलाज के लिए अस्पताल जाने की व्यवस्था में जुट गए। इसी बीच मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें आश्वस्त किया कि बाइक वे सुरक्षित रखेंगे। मां को अस्पताल पहुंचाने के बाद जब मुरली बाइक लेने लौटे तो वहां से उनकी सफेद रंग की अपाचे गायब थी।

बाइक का नंबर बीआर 44 यू 6730 बताया गया है। मुरली के अनुसार बाइक उनके भाई के नाम पर है और उससे संबंधित आरसी भी उनके पास है। बाइक गायब होने के बाद उन्होंने शुक्रवार को कोरानसराय थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना बताई और शिकायत दर्ज करने का आग्रह किया। उनका आरोप है कि पुलिस ने उन्हें अगले दिन आने को कहा।

हालांकि, थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने युवक के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अभी तक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। घटना की जानकारी मिली है और आसपास के क्षेत्रों में चोरी गई बाइक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हादसे में मां का हाथ टूटना और उसी दौरान बाइक चोरी हो जाना परिवार के लिए दोहरी मुसीबत बन गया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा है कि हादसे की भीड़ में आखिर कौन ऐसा व्यक्ति था, जिसने मदद की आड़ में बाइक पर हाथ साफ कर दिया।