दुष्कर्म के आरोपी के घर पुलिस का इश्तिहार, ढोल बजाकर दी अंतिम चेतावनी

दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित के खिलाफ बक्सर महिला थाना पुलिस ने मंगलवार को कड़ा कानूनी कदम उठाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस टीम डुमरांव के सफाखाना रोड पहुंची और आरोपित फैयद राईन के घर इश्तिहार चस्पा किया।

दुष्कर्म के आरोपी के घर पुलिस का इश्तिहार, ढोल बजाकर दी अंतिम चेतावनी

__ हाजिर नहीं हुआ तो कुर्क होगी संपत्ति, महिला थाना कांड 39/26 में फरार चल रहा फैयद राईन

केटी न्यूज/डुमरांव

दुष्कर्म के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित के खिलाफ बक्सर महिला थाना पुलिस ने मंगलवार को कड़ा कानूनी कदम उठाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस टीम डुमरांव के सफाखाना रोड पहुंची और आरोपित फैयद राईन के घर इश्तिहार चस्पा किया। पुलिस ने ढोल बजवाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर आरोपित ने पुलिस या न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया तो उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।पुलिस की यह कार्रवाई बक्सर महिला थाना कांड संख्या 39/26 से जुड़ी है। मामले में डुमरांव थाना क्षेत्र की एक युवती ने सफाखाना रोड निवासी फैयद राईन के खिलाफ शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपित घर छोड़कर फरार बताया जा रहा है।

आरोपित की गिरफ्तारी के लिए महिला थाना पुलिस ने संभावित ठिकानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। लगातार फरारी के बाद पुलिस ने न्यायालय के समक्ष कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। न्यायालय से इश्तिहार जारी होने के बाद मंगलवार को पुलिस ने उसके घर पर इसे चस्पा कर दिया।इश्तिहार चस्पा करने के दौरान पुलिस ने परिजनों को भी कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस ने साफ कहा कि न्यायालय द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर आरोपित हाजिर नहीं होता है या कोर्ट में आत्मसमर्पण नहीं करता है तो अगला कदम उसकी संपत्ति की कुर्की होगा।महिला थानाध्यक्ष प्रतिभा कुमारी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित को निर्धारित अवधि में न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित होना होगा। ऐसा नहीं होने पर कुर्की वारंट के लिए न्यायालय से प्रार्थना की जाएगी।