सुरौंधा में आपसी विवाद में सिर फुटौव्वल, दो गंभीर, दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ दी तहरीर

डुमरांव थाना क्षेत्र के सुरौंधा गांव में सोमवार की देर शाम मामूली बात पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों से करीब तीन-चार लोग जख्मी हुए है, जिनमें दो को गंभीर चोटे आई है। अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

सुरौंधा में आपसी विवाद में सिर फुटौव्वल, दो गंभीर, दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ दी तहरीर

-- एक पक्ष के शिवजी राम व उनके पुत्र को आई है गंभीर चोटें, दूसरे पक्ष से तीन लोगों ने हथियार के बलपर मारपीट व छिनैती का लगाया आरोप

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव थाना क्षेत्र के सुरौंधा गांव में सोमवार की देर शाम मामूली बात पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों से करीब तीन-चार लोग जख्मी हुए है, जिनमें दो को गंभीर चोटे आई है। अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। इस मामले में एक पक्ष के शिवजी राम व दूसरे पक्ष के राहुल तिवारी, ब्रह्मेश्वर तिवारी व शेषनाथ सिंह ने अलग-अलग आवेदन देकर एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए है। प्रथम पक्ष के शिवजी राम पिता स्व. नगीना राम ने आरोप लगाया है कि शाम करीब साढ़े सात बजे वह अपने घर से लोटा लेकर शौच के लिए जा रहा था कि उधर से सुरौंधा के ही अजय तिवारी अपनी स्कार्पियो से आ रहे थे तथा जान मारने की नियत से मुझे धक्का मार दिए।

जब मैने पूछा कि आपने धक्का क्यों मारा तथा गाड़ी ठीक से नहीं चला सकते है, इसी बात से नाराज होकर अपने घर गए तथा उधर से 15-20 लोगों के साथ लाठी-डंडा, लोहे का रॉड, पिस्टल तथा अन्य धारदार हथियार से लैस होकर आ गए। अजय तिवारी ने धारदार हथियार से मारकर मेरा सर फोड़ दिया। विनय तिवारी ने लोहे के रॉड से कंधा पर मारा। वहीं उसके साथ आए लोग मुझे मारने पिटने लगे। इस दौरान बीच बचाव करने आए मेरे पड़ोसी महेश राम, मुकेश राम को भी मारकर जख्मी कर दिया। पीड़ित ने आरोपितों पर जातिसूचक गाली देने का आरोप भी लगाया है। 

वहीं, दूसरे पक्ष से राहुल तिवारी, ब्रह्मेश्वर तिवारी व शेषनाथ सिंह ने अलग-अलग आवेदन देकर आरोप लगाया है कि शिवजी राम व अन्य ने हथियार के बल पर सुरौंधा पुल के पास घेरकर उनसे अलग-अलग समय पर छिनतई व मारपीट की है। पुलिस सभी आवेदनों की जांच कर रही है। जबकि जख्मी शिवजी राम व मुकेश राम की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों का सर फट गया है। घटना के बाद से गांव में गुटीय तनाव व्याप्त है। प्रभारी थानाध्यक्ष अर्चना कुमारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है।