अस्पताल मार्ग बना जोखिम भरा, जलजमाव और टूटे सड़क हिस्से से बढ़ी दुर्घटना की आशंका

चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के समीप चौसा-कोचस मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे और उनमें जमा गंदा पानी न केवल आवागमन को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बढ़ा रहे हैं।

अस्पताल मार्ग बना जोखिम भरा, जलजमाव और टूटे सड़क हिस्से से बढ़ी दुर्घटना की आशंका

केटी न्यूज/चौसा

चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के समीप चौसा-कोचस मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति आम लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे और उनमें जमा गंदा पानी न केवल आवागमन को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बढ़ा रहे हैं। स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा एंबुलेंस चालकों को प्रतिदिन कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, आसपास के घरों से निकलने वाला पानी लंबे समय से सड़क पर बह रहा है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे वहां बड़े गड्ढे बन गए हैं।

बारिश अथवा पानी जमा रहने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और वाहन चालक अचानक असंतुलित हो जाते हैं।मुख्य मार्ग होने के कारण यहां दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों को रफ्तार कम करनी पड़ती है और कई बार अचानक ब्रेक लगाने की नौबत आ जाती है। इससे खासकर दोपहिया वाहन चालकों और ई-रिक्शा संचालकों के लिए खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार इस समस्या की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के समीप होने के बावजूद इस मार्ग की अनदेखी समझ से परे है। उनका मानना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से शीघ्र हस्तक्षेप कर सड़क को दुरुस्त कराने तथा स्थायी जलनिकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आमजन को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।