पटवन विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, हवाई फायरिंग से मची दहशहत

पटवन विवाद में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, हवाई फायरिंग से मची दहशहत

- शनिवार की सुबह राजपुर थाना क्षेत्र के श्रीकांतपुर गांव की है घटना, शुक्रवार की शाम से ही चल रहा था विवाद

- पुलिस ने दोनों पक्षों के आधा दर्जन लागों को हिरासत में लिया

केटी न्यूज/राजपुर

राजपुर थाना क्षेत्र के श्रीकांतपुर गांव में शनिवार की सुबह पटवन के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर हवाई फायरिंग हुई, इसके पूर्व शुक्रवार की शाम भी दोनों पक्षों में लाठी डंडे चले थे जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया था। इसकी जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम गांव के रामयश यादव व श्रीकांत यादव के बीच गेहूं के पटवन को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद में दोनों पक्षों से ईंट पत्थर व लाठी डंडे चले। जिसमें उपेन्द्र यादव घायल हो गए। उपेन्द्र यादव स्थानीय चौकीदार के भाई है।

जिनका इलाज गांव के ही एक निजी अस्पताल में कराया गया। हालांकि, शाम में सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर शांत करा दिया था। लेकिन, शनिवार को इसी विवाद में दोनों पक्ष एक बार फिर से आमने सामने आ गए तथा एक दूसरे पर धौंस जमाने के लिए हवाई फायरिंग किए।

हवाई फायरिंग से गांव में हड़कंप मच गया था। लोग भागकर अपने घरों में छिप गए। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से गोली के अग्र भाग का पिलेट मिला है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्ष के तरफ से दो दर्जन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।