बिजली संकट से परेशान चौसा के उपभोक्ता सड़क पर उतरे, सुधार की मांग को लेकर दिया धरना
नगर पंचायत चौसा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर बुधवार को बिजली उपभोक्ताओं ने महादेवा घाट पर धरना-प्रदर्शन किया। लंबे समय से बिजली संकट, लो वोल्टेज, फीडर से जुड़ी समस्याओं और ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने से परेशान उपभोक्ताओं ने विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द समाधान की मांग की।

__ फीडर विस्तार, जर्जर व्यवस्था दुरुस्त करने और ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने की उठी मांग, विभाग को सौंपा ज्ञापन
केटी न्यूज/बक्सर:
नगर पंचायत चौसा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर बुधवार को बिजली उपभोक्ताओं ने महादेवा घाट पर धरना-प्रदर्शन किया। लंबे समय से बिजली संकट, लो वोल्टेज, फीडर से जुड़ी समस्याओं और ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने से परेशान उपभोक्ताओं ने विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द समाधान की मांग की।प्रदर्शन का नेतृत्व नगर पंचायत चौसा के उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि विकास राज ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, उपभोक्ता, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि चौसा नगर पंचायत के कई वार्डों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था काफी समय से प्रभावित है।

बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।प्रदर्शन के बाद उपभोक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल दक्षिण बिहार विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालक अभियंता के नाम संबोधित ज्ञापन लेकर बिजली विभाग पहुंचा। जहां कनीय अभियंता अजय सिंह को मांग पत्र सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से चौसा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें रखी गईं।उपभोक्ताओं ने वार्ड संख्या 11, 12, 13 और 14 के अलावा रेलवे स्टेशन चौसा, न्यायीपुर, कनक नारायणपुर, नंदपुर और अखौरीपुर गोला क्षेत्रों को चौसा फीडर लाइन से जोड़ने की मांग की। उनका कहना था कि फीडर व्यवस्था में सुधार होने से बिजली आपूर्ति अधिक सुचारु हो सकेगी।

इसके साथ ही कनक नारायणपुर वार्ड संख्या 11 में आबादी के बीच से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन को गांव की सीमा के बाहर स्थानांतरित करने की मांग भी की गई। लोगों ने रेलवे स्टेशन मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 200 केवीए क्षमता का नया ट्रांसफार्मर लगाने तथा अखौरीपुर गोला-सासाराम मुख्य मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग उठाई।विकास राज ने कहा कि बिजली की समस्या आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़ी हुई है। सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए विभाग को जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उपभोक्ता आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।धरना में वार्ड पार्षद रामबाबू, छोटेलाल चौधरी, अजीत सिंह, सोनू गोंड़, ओमप्रकाश शर्मा, प्रेमप्रकाश शर्मा, राकेश यादव, अभिषेक गुप्ता, आर्यन, लालमोहर राम, विक्की मालाकार, रूपक कुशवाहा समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

