कोपवा के पास हादसा: अनियंत्रित ई-रिक्शा पोल से टकराकर पलटा, एक परिवार के सात लोग घायल
डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर कोपवा गांव के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया, जिसके बाद वाहन पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार एक ही परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव-बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर कोपवा गांव के समीप बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया, जिसके बाद वाहन पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा पर सवार एक ही परिवार के आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। इनमें दो-तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, कोरानसराय थाना क्षेत्र के बनकट गांव निवासी एक परिवार के सदस्य सिमरी प्रखंड के केशोपुर गांव में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद ई-रिक्शा से अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान कोपवा गांव के समीप अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। वाहन में सवार लोग गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और सभी घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए निजी अस्पतालों में भर्ती कराया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना की वजह चालक को झपकी आना या अचानक नियंत्रण खो देना हो सकती है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वहीं, घायलों के परिजनों में भी चिंता का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक किसी भी घायल को अनुमंडल अस्पताल नहीं लाया गया था, जिसके कारण सभी घायलों की विस्तृत पहचान उपलब्ध नहीं हो सकी थी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

