सांप के डसने से युवक की मौत, झाड़-फूंक में गंवाया कीमती समय
फफदर गांव में जहरीले सांप के डसने से 32 वर्षीय युवक सोनू साह की मौत हो गई। बुधवार की देर रात घर में सोने के दौरान हुई इस घटना के बाद समय पर अस्पताल पहुंचने के बजाय झाड़-फूंक कराने के लिए ले जाना परिवार को भारी पड़ गया। गुरुवार दोपहर प्रताप सागर अस्पताल में इलाज के दौरान सोनू ने दम तोड़ दिया।
केटी न्यूज/चौंगाई।

परिजनों के अनुसार, बुधवार रात करीब 12 बजे सोनू घर में सो रहा था। इसी दौरान बिस्तर में घुसे सांप ने उसे डस लिया। सांप के डसने का अहसास होते ही सोनू ने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद घरवालों ने सांप की तलाश कर उसे मार दिया। ग्रामीणों ने सांप की पहचान करैत के रूप में की।

सोनू की हालत बिगड़ने लगी तो परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए कंजिया धाम लेकर चले गए। वहां उसकी स्थिति लगातार खराब होती रही। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे प्रताप सागर अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मृतक के पिता बालेश साह ने बताया कि सोनू चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार की आजीविका का मुख्य सहारा था। उसकी मौत से पत्नी और बच्चों समेत पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा है। बारिश के मौसम में सांपों के बिलों में पानी भरने से उनके घरों की ओर आने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में ग्रामीणों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि सांप के काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में समय गंवाने के बजाय बिना देरी किए अस्पताल पहुंचना ही सबसे जरूरी है।