बाल श्रम पर प्रशासन का धावा, इटाढ़ी में एक बच्चा मुक्त

जिले में बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को दोनों अनुमंडलों में एक साथ धावा दल का संचालन किया। इस दौरान इटाढ़ी प्रखंड से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया। बच्चे को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिला बाल कल्याण समिति, बक्सर के सुपुर्द कर दिया गया है।

बाल श्रम पर प्रशासन का धावा, इटाढ़ी में एक बच्चा मुक्त

__ डीएम के निर्देश पर दोनों अनुमंडलों में एक साथ छापेमारी, बाल श्रमिक को बाल कल्याण समिति को सौंपा; दोषी नियोजक पर प्राथमिकी की तैयारी

केटी न्यूज/बक्सर। 

जिले में बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को दोनों अनुमंडलों में एक साथ धावा दल का संचालन किया। इस दौरान इटाढ़ी प्रखंड से एक बाल श्रमिक को विमुक्त कराया गया। बच्चे को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिला बाल कल्याण समिति, बक्सर के सुपुर्द कर दिया गया है। वहीं, बाल श्रम कराने वाले दोषी नियोजक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी साहिला के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को श्रम और शोषण के चंगुल से मुक्त कराकर उनके अधिकारों की रक्षा करना है। प्रशासन की इस कार्रवाई से बाल श्रम कराने वाले प्रतिष्ठान संचालकों और नियोजकों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि बच्चों से काम कराने के मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

__श्रम विभाग, पुलिस और सामाजिक संस्था की संयुक्त कार्रवाई

श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग के नेतृत्व में गठित धावा दल में जिले के सभी श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, इटाढ़ी थाना के पुलिसकर्मी और कन्हाई शुक्ला सेवा संस्थान के कार्यकर्ता शामिल रहे। संयुक्त टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों और कार्यस्थलों पर पहुंचकर बाल श्रम के मामलों की जांच की तथा नियमानुसार कार्रवाई की। इसी क्रम में इटाढ़ी प्रखंड से एक बाल श्रमिक को मुक्त कराने में सफलता मिली।

__ संरक्षण और पुनर्वासन पर जोर

विमुक्त बच्चे को जिला बाल कल्याण समिति के सुपुर्द किया गया है, ताकि उसकी देखभाल, सुरक्षा और पुनर्वासन के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें। प्रशासन की ओर से दोषी नियोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। संबंधित विभागों के माध्यम से बच्चे के हितों की रक्षा और उसे बेहतर भविष्य के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।

__बाल श्रम की सूचना देने की अपील

जिला प्रशासन ने बाल श्रम उन्मूलन के लिए अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है। प्रशासन का जोर बच्चों को श्रम से मुक्त कर शिक्षा, संरक्षण और सम्मानजनक जीवन का अवसर उपलब्ध कराने पर है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि किसी प्रतिष्ठान, दुकान या कार्यस्थल पर बाल श्रम की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बच्चों को शोषण से बचाया जा सके।