शहीद की याद में छलका पत्नी का दर्द, स्मृति द्वार से जगी प्रतिमा की उम्मीद
जिस पति ने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, उसकी याद में बने स्मृति द्वार की नींव पड़ते देख पत्नी सुजाता देवी की आंखें छलक उठीं। वर्षों से संजोई उम्मीद जब जमीन पर उतरने लगी तो वह खुद को संभाल नहीं सकीं। उनकी आंखों से बहते आंसुओं ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।

__ चौसा यादव मोड़ पर हवलदार सुनील कुमार सिंह के नाम पर बनेगा शहीद गेट, सांसद और एमएलसी ने प्रतिमा स्थापना का दिया भरोसा
केटी न्यूज/चौसा।
जिस पति ने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया, उसकी याद में बने स्मृति द्वार की नींव पड़ते देख पत्नी सुजाता देवी की आंखें छलक उठीं। वर्षों से संजोई उम्मीद जब जमीन पर उतरने लगी तो वह खुद को संभाल नहीं सकीं। उनकी आंखों से बहते आंसुओं ने वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया। बुधवार को चौसा के यादव मोड़ पर बलिदानी हवलदार सुनील कुमार सिंह के सम्मान में शहीद गेट का शिलान्यास किया गया। शहीद की पत्नी सुजाता देवी ने फीता काटकर इसकी शुरुआत की।

इस दौरान नगर पंचायत की चेयरमैन किरण देवी और अन्य महिलाओं ने उन्हें ढांढस बंधाया।कार्यक्रम की शुरुआत शहीद के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। सांसद सुधाकर सिंह, एमएलसी सोनू राय, चेयरमैन किरण देवी, शहीद के पिता जनार्दन सिंह समेत अन्य अतिथियों ने वीर सपूत को नमन किया। शिलान्यास के साथ ही शहीद की स्मृति को स्थायी पहचान देने की पहल आगे बढ़ी, लेकिन परिवार की एक बड़ी मांग अब भी पूरी होने की प्रतीक्षा में है।

__ गेट की शुरुआत, प्रतिमा का इंतजार बरकरार
शहीद के पिता जनार्दन सिंह ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद स्मृति द्वार का निर्माण शुरू होने से परिवार को उम्मीद जगी है। वे लगातार अपने बेटे की याद में गेट और स्मारक बनाने की मांग उठाते रहे हैं। हालांकि, अब तक शहीद की प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमि आवंटित नहीं हो सकी है। परिवार चाहता है कि सम्मान के लिए किए गए वादे के अनुरूप शहीद की प्रतिमा भी स्थापित की जाए।सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि शहीद गेट का निर्माण शुरू हो गया है और आगे स्मारक के साथ प्रतिमा स्थापित कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि चौसा वीरों की धरती रही है। देश के वीर सपूतों का सम्मान करना पूरे राष्ट्र का सम्मान है। शहीद सुनील सिंह के सम्मान में जो भी संभव होगा, वह किया जाएगा। उन्होंने अगली दिशा की बैठक में प्रतिमा स्थापना के लिए अनुमति दिलाने की बात कही।एमएलसी सोनू राय ने कहा कि वीर सपूतों और शहीद सैनिकों के बलिदान के कारण ही देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं। उन्होंने भी शहीद की प्रतिमा स्थापित कराने का भरोसा दिया।

__ साढ़े सात लाख रुपये से बनेगा स्मृति द्वार
कार्यक्रम में नगर पंचायत की ईओ रानी कुमारी, सीओ विजय प्रकाश, चेयरमैन किरण देवी और डॉ. मनोज कुमार यादव ने भी विचार रखे। नगर विकास एवं आवास विभाग ने शहीद गेट के निर्माण के लिए 7 लाख 50 हजार 700 रुपये की राशि निर्धारित की है। इसका निर्माण नगर पंचायत की ओर से कराया जाएगा। मौके पर नगर पंचायत के वार्ड पार्षद और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


