डुमरांव नगर परिषद की प्रारूप मतदाता सूची जारी, 15 से 28 अप्रैल तक दावे-आपत्तियां आमंत्रित
नगर परिषद डुमरांव के वार्ड संख्या 01 से 35 तक की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। निबंधन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह सूची आम नागरिकों की जानकारी के लिए सार्वजनिक की गई है, ताकि मतदाता इसमें अपने नाम की जांच कर आवश्यक सुधार करा सकें।
__ वार्ड 1 से 35 तक की सूची प्रकाशित, निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकेंगे मतदाता
केटी न्यूज/डुमरांव:
नगर परिषद डुमरांव के वार्ड संख्या 01 से 35 तक की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। निबंधन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव द्वारा जारी सूचना के अनुसार यह सूची आम नागरिकों की जानकारी के लिए सार्वजनिक की गई है, ताकि मतदाता इसमें अपने नाम की जांच कर आवश्यक सुधार करा सकें।जारी सूचना के अनुसार, मतदाता सूची में नया नाम दर्ज कराने के लिए इच्छुक व्यक्तियों को दावा प्रपत्र-2 भरकर आवेदन करना होगा, जबकि सूची में दर्ज नामों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की आपत्ति प्रपत्र-3 के माध्यम से दर्ज की जा सकती है। दावे और आपत्तियां दाखिल करने की प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होकर 28 अप्रैल तक चलेगी। निर्धारित अवधि के भीतर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

प्रशासन द्वारा दावे एवं आपत्तियों के निष्पादन के लिए दो रिवाइजिंग अथॉरिटी नियुक्त की गई हैं। वार्ड संख्या 01 से 18 तक के लिए संदीप कुमार पाण्डेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी डुमरांव को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि वार्ड संख्या 19 से 35 तक के लिए विजय कुमार सौरभ, प्रखंड विकास पदाधिकारी केसठ को अधिकृत किया गया है।दावे एवं आपत्तियां संबंधित रिवाइजिंग अथॉरिटी को संबोधित करते हुए प्रस्तुत की जानी होंगी। आवेदक स्वयं उपस्थित होकर प्रखंड कार्यालय डुमरांव में आवेदन जमा कर सकते हैं या फिर डाक के माध्यम से भी आवेदन भेज सकते हैं। हालांकि यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी आवेदन 28 अप्रैल तक संबंधित अधिकारी को प्राप्त हो जाएं।प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों की जांच कर लें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में तुरंत आवश्यक कार्रवाई करें, ताकि अंतिम मतदाता सूची त्रुटिरहित तैयार की जा सके।

