छह माह बाद फिर जागा नगर पंचायत, सड़क कब्जाने वालों पर कसेगा शिकंजा
सड़क पर कब्जा कर कारोबार चलाने वालों की अब खैर नहीं। चौसा नगर पंचायत ने एक बार फिर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई का संकेत देते हुए सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को नगर पंचायत की ओर से ऑटो पर लाउडस्पीकर लगाकर प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर माइकिंग कराई गई।

__ दुर्गा मंदिर से यादव मोड़ और अखौरीपुर गोला तक माइकिंग, अतिक्रमण नहीं हटाने पर होगी कानूनी कार्रवाई
केटी न्यूज/बक्सर।
सड़क पर कब्जा कर कारोबार चलाने वालों की अब खैर नहीं। चौसा नगर पंचायत ने एक बार फिर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई का संकेत देते हुए सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को नगर पंचायत की ओर से ऑटो पर लाउडस्पीकर लगाकर प्रमुख बाजारों और चौक-चौराहों पर माइकिंग कराई गई। इसके जरिए ठेला, खोमचा और गुमटी लगाकर सड़क की जमीन घेरने वालों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई। साथ ही स्पष्ट कर दिया गया कि आदेश की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

__सड़क पर कब्जे से राहगीरों की बढ़ रही परेशानी
चौसा नगर पंचायत क्षेत्र में मुख्य सड़क के अलावा दुर्गा मंदिर, यादव मोड़ और अखौरीपुर गोला जैसे प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण की समस्या गंभीर बनी हुई है। सड़क किनारे ठेला, खोमचा और गुमटी लगाए जाने से आवागमन का रास्ता संकरा हो जाता है। इसका खामियाजा आम राहगीरों और वाहन चालकों को भुगतना पड़ता है। व्यस्त समय में इन स्थानों पर जाम की स्थिति भी बन जाती है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।

__ पहले भी हुई थी घोषणा, फिर लौट आया अतिक्रमण
नगर पंचायत की यह पहल इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि करीब छह माह पहले भी माइकिंग के जरिए अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। उस समय कई दुकानदारों ने स्वयं अपना कब्जा हटा लिया था। हालांकि, इसके बाद ठोस कार्रवाई नहीं होने से धीरे-धीरे सड़क किनारे फिर से अतिक्रमण बढ़ने लगा। ऐसे में इस बार नगर पंचायत की चेतावनी के बाद यह देखना अहम होगा कि अभियान केवल घोषणा तक सीमित रहता है या वास्तव में सड़कों को अतिक्रमणमुक्त कराया जाता है।

__ स्वेच्छा से हटाएं कब्जा, वरना होगी कार्रवाई
नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों और स्थलों को अतिक्रमणमुक्त रखना जरूरी है। इसी उद्देश्य से लोगों को स्वयं अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया जा रहा है। आदेश का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

