जन्मदिन पर पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश देते हुए डुमरांव निवासी एवं व्याख्याता डॉ. मनीष कुमार शशि ने रविवार को अपना जन्मदिन पौधरोपण कर मनाया। इस अवसर पर छठिया पोखरा स्थित बड़का अंगना के शिव मंदिर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम के साथ पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक जागरूकता संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।

जन्मदिन पर पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

__ छठिया पोखरा परिसर में लगाए गए 11 पौधे, समाज के विभिन्न वर्गों ने की सहभागिता

केटी न्यूज/डुमरांव

प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता का संदेश देते हुए डुमरांव निवासी एवं व्याख्याता डॉ. मनीष कुमार शशि ने रविवार को अपना जन्मदिन पौधरोपण कर मनाया। इस अवसर पर छठिया पोखरा स्थित बड़का अंगना के शिव मंदिर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम के साथ पर्यावरण संरक्षण विषय पर एक जागरूकता संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. शशि ने कहा कि पर्यावरण के प्रति समाज जितना जागरूक होगा, उसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को उतना ही अधिक मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रकृति के संरक्षण के प्रति उदासीनता बरती गई तो ग्लेशियरों के पिघलने, बढ़ते तापमान और प्राकृतिक आपदाओं जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना मानव समाज को करना पड़ेगा।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया।उल्लेखनीय है कि डॉ. मनीष कुमार शशि को शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा वर्ष 2023 में शिक्षक सम्मान से भी सम्मानित किया जा चुका है।कार्यक्रम के दौरान जन्मदिन के उपलक्ष्य में परिसर में 11 पौधे लगाए गए। आयोजकों ने बताया कि संस्था द्वारा वर्ष भर नियमित रूप से पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। संस्था के सक्रिय संस्थापक एवं राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त तरु मित्र उमेश गुप्ता रौनियार ने कहा कि बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय संकट को देखते हुए वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है।

उन्होंने कहा कि पृथ्वी, जल और पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी निभानी होगी।कार्यक्रम का संचालन शत्रुघ्न प्रसाद उर्फ मोहन जी ने किया। इस अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव शत्रुघ्न प्रसाद मोहन गुप्ता, तरु मित्र उमेश गुप्ता रौनियार, समाजसेवी सोनू राय, वार्ड पार्षद धीरेंद्र कुमार निराला, शिक्षक मोहम्मद इकबाल, विशाल जायसवाल, विमलेश सिंह, श्रद्धाम हुसैन, चुनचुन गुप्ता, आशीष गौतम, कमलेश प्रसाद, संतोष कुमार, सुरेश प्रसाद गुप्ता, श्रवण कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। अंत में उमेश गुप्ता रौनियार ने सभी उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।