पुराना भोजपुर में दुरुस्त हुई जलापूर्ति, 3 एचपी मोटर लगते ही लौटी जलापूर्ति
पुराना भोजपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 में जल-नल योजना के तहत बाधित पेयजल आपूर्ति अब पूरी तरह बहाल हो गई है। कई दिनों से पानी की किल्लत झेल रहे करीब 300 घरों के लोगों को नई मोटर लगने और पाइपलाइन की लीकेज दुरुस्त होने के बाद राहत मिली है।

__ पुराना भोजपुर के वार्ड-2 में कई दिनों से बनी थी पेयजल संकट की स्थिति, नगर परिषद की पहल से मिली राहत
केटी न्यूज/डुमरांव।
पुराना भोजपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-2 में जल-नल योजना के तहत बाधित पेयजल आपूर्ति अब पूरी तरह बहाल हो गई है। कई दिनों से पानी की किल्लत झेल रहे करीब 300 घरों के लोगों को नई मोटर लगने और पाइपलाइन की लीकेज दुरुस्त होने के बाद राहत मिली है। जलापूर्ति ठप रहने के कारण वार्डवासियों को हैंडपंप समेत पानी के दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।स्थानीय लोगों की लगातार शिकायत के बाद वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार ने नगर परिषद प्रशासन के समक्ष समस्या को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद तकनीकी टीम ने स्थल का निरीक्षण कर जलापूर्ति बाधित होने के कारणों की जांच की। जांच में मोटर खराब होने के साथ पाइपलाइन के दो स्थानों पर लीकेज की समस्या भी सामने आई।

नगर परिषद की ओर से खराब 2 एचपी की मोटर को हटाकर उसकी जगह 3 एचपी की नई मोटर स्थापित की गई। अधिक क्षमता वाली मोटर लगाए जाने से जलापूर्ति व्यवस्था को पहले की अपेक्षा अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया गया है। वहीं, पाइपलाइन में मौजूद दोनों लीकेज को भी ठीक कर दिया गया।मोटर बदलने और पाइपलाइन की मरम्मत का काम पूरा होने के बाद वार्ड में जल-नल योजना से पानी की आपूर्ति सुचारु हो गई। लंबे समय से पानी के लिए परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय निवासियों ने समस्या के समाधान के लिए वार्ड पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार की पहल की सराहना की। लोगों ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे के प्रति भी आभार जताया। उनका कहना है कि समय रहते खराबी दूर होने से बड़ी आबादी को पेयजल संकट से राहत मिली है।

