सैनिकों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई।

__ डीएम साहिला ने अनुश्रवण समिति की बैठक में अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश, भूमि विवाद समेत सभी मामलों को प्राथमिकता से निपटाने पर जोर
केटी न्यूज/बक्सर।
भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान को लेकर जिला प्रशासन ने गंभीरता दिखाई है। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यरत सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों से जुड़े विभिन्न मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों से जुड़े मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने वाले सैनिकों के प्रति प्रशासन की जिम्मेदारी सामान्य मामलों से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।

इसलिए उनके साथ संवेदनशील, सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाना चाहिए।बैठक के दौरान विशेष रूप से सैनिकों और पूर्व सैनिकों से जुड़े भूमि विवाद के मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने सभी संबंधित अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यरत सैनिकों और सेवा से निवृत्त हो चुके सैनिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके प्रकरणों में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी सैनिकों और पूर्व सैनिकों को शुभकामनाएं दीं।बैठक में पुलिस अधीक्षक बक्सर, अपर समाहर्त्ता, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी, अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष नृपेन्द्र नारायण सिंह, सदस्य हरिशंकर सिंह, सुरेन्द्र सिंह समेत बक्सर, डुमरांव, चौगाईं एवं चौसा के अंचलाधिकारी उपस्थित थे।

