गणतंत्र दिवस को भव्य बनाने की तैयारी तेज, डीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक
आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निर्देश दिए गए।
-- सजावट, साफ-सफाई, झांकी व परेड को लेकर अधिकारियों को मिले स्पष्ट निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह की तैयारियों से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है, ऐसे में इसकी तैयारी में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने पूरे शहर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने, प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों तथा सरकारी भवनों को सुसज्जित करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देशित किया गया कि शहर के सभी बिजली के खंभों पर तिरंगा लाइट एवं रंगीन बल्बों से आकर्षक सजावट सुनिश्चित कराई जाए।बैठक में जिले के विभिन्न गणमान्य महानुभावों के प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा सौंदर्यीकरण पर भी विशेष जोर दिया गया।

जिन प्रतिमा स्थलों एवं पार्कों में टाइल्स टूटे हुए हैं, उन्हें अविलंब बदलने का निर्देश दिया गया, ताकि शहर की छवि और सौंदर्य में कोई कमी न रहे।गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रस्तावित झांकी प्रदर्शन को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे अपनी-अपनी विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को दर्शाने वाली थीम आधारित झांकी का प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर समर्पित करें, ताकि समय रहते चयन एवं तैयारी की जा सके।परेड को लेकर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।

जिलाधिकारी ने सार्जेंट मेजर को निर्देश दिया कि परेड टुकड़ियों का चयन कर ससमय अभ्यास प्रारंभ कराया जाए, जिससे मुख्य समारोह के दिन परेड का प्रदर्शन अनुशासित एवं प्रभावशाली हो।मुख्य समारोह स्थल किला मैदान एवं समाहरणालय परिसर में झंडोत्तोलन कार्यक्रम के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का दायित्व नजारत उप समाहर्ता एवं संबंधित पदाधिकारियों को सौंपा गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।

