चौसा में बालू माफियाओं पर कार्रवाई तेज: खनन टीम की छापेमारी में ट्रैक्टर जब्त, 1.05 लाख जुर्माना
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा रानी घाट पर अवैध सफेद बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया, जबकि अन्य चालक मौके से फरार हो गए।
केटी न्यूज/चौसा:
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा रानी घाट पर अवैध सफेद बालू खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर एक अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त किया, जबकि अन्य चालक मौके से फरार हो गए।सूत्रों के अनुसार, खनन पदाधिकारी प्रकाश कुमार के नेतृत्व में टीम चौसा क्षेत्र में निरीक्षण के लिए पहुंची थी। टीम के पहुंचते ही अवैध खनन में लगे लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई की भनक लगते ही कई ट्रैक्टर चालक तेजी से वाहन लेकर भाग निकले। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक भागने में सफल रहा, जबकि दूसरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

खनन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पलटे हुए ट्रैक्टर के इंजन को जब्त कर मुफस्सिल थाना को सौंप दिया। इस मामले में अज्ञात चालक और ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। साथ ही विभाग ने जब्त वाहन पर ₹1 लाख 5 हजार का जुर्माना भी लगाया है।खनन पदाधिकारी ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं थी, जो इसकी अवैध गतिविधियों में संलिप्तता को स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि चौसा क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा और इसमें शामिल लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।प्रशासन की इस कार्रवाई से बालू माफियाओं में हड़कंप है, वहीं स्थानीय स्तर पर सख्ती बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं।

