डुमरांव स्टेशन पर अधूरे नाले में जोड़ी जा रही सीवरेज लाइन, स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
डुमरांव रेलवे स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन पे-एंड-यूज शौचालय की सीवरेज व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि रेलवे प्रशासन द्वारा टिकट घर के समीप मुख्य सड़क को काटकर निर्माणाधीन नाले से सीवरेज लाइन जोड़ने का कार्य कराया जा रहा है, जबकि संबंधित नाला अभी तक पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और उसमें जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है।

__ मुख्य सड़क काटकर कराया जा रहा निर्माण कार्य, जल निकासी व्यवस्था पूरी नहीं होने से बरसात में गंदा पानी सड़क पर आने की आशंका; रेलवे अधिकारियों ने वैकल्पिक व्यवस्था का दिया भरोसा
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव रेलवे स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन पे-एंड-यूज शौचालय की सीवरेज व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि रेलवे प्रशासन द्वारा टिकट घर के समीप मुख्य सड़क को काटकर निर्माणाधीन नाले से सीवरेज लाइन जोड़ने का कार्य कराया जा रहा है, जबकि संबंधित नाला अभी तक पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और उसमें जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है। इससे बरसात के दिनों में गंदा पानी सड़क पर फैलने और यात्रियों को परेशानी होने की आशंका जताई जा रही है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नए शौचालय का निर्माण तो तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन उससे निकलने वाले अपशिष्ट जल की निकासी के लिए स्थायी और वैज्ञानिक व्यवस्था नहीं की गई है। उनका आरोप है कि अधूरे नाले में सीवरेज लाइन जोड़ना भविष्य में गंभीर समस्या पैदा कर सकता है।

यदि नाले से पानी का बहाव नहीं हुआ तो शौचालय का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर फैल सकता है, जिससे संक्रमण और दुर्गंध की समस्या बढ़ने की आशंका है।जानकारी के अनुसार, पहले स्टेशन परिसर में टिकट घर के पूर्वी छोर पर स्थित शौचालय की टंकी से अलग निकासी व्यवस्था बनी हुई थी। लेकिन नए पे-एंड-यूज शौचालय के निर्माण के दौरान नई टंकी स्थापित कर दी गई, जबकि उसके अनुरूप जल निकासी की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित नहीं की गई। वर्तमान में शौचालय को शीघ्र चालू करने के उद्देश्य से मुख्य सड़क काटकर निर्माणाधीन नाले तक सीवरेज लाइन पहुंचाई जा रही है।

स्थानीय निवासी एवं समाजसेवी राजीव रंजन सिंह ने इस पूरे मामले की शिकायत रेलवे के वरीय अधिकारियों से की है। उनका कहना है कि सड़क पहले से ही अधूरी हालत में है और बरसात के दौरान हल्की बारिश में भी यात्रियों को आवागमन में कठिनाई होती है। ऐसे में यदि वर्षा का पानी और शौचालय का अपशिष्ट एक साथ सड़क पर आने लगा तो स्टेशन परिसर की स्थिति और अधिक गंभीर हो जाएगी।वहीं, इस संबंध में रेलवे के आईओडब्ल्यू महेंद्र रजक ने बताया कि निर्माणाधीन नाले के लिए पानी की निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।

