लंबित कांडों पर कसा शिकंजा, एसडीपीओ की सख्ती से बढ़ेगी जांच की रफ्तार

डुमरांव अनुमंडल में लंबित आपराधिक मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पोलस्त कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में थाने में लंबित कांडों की प्रगति पर गहन मंथन किया गया। मिशन अनुसंधान के तहत बुलाई गई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जांच प्रक्रिया में तेजी लाना और मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना रहा।

लंबित कांडों पर कसा शिकंजा, एसडीपीओ की सख्ती से बढ़ेगी जांच की रफ्तार

__ मिशन अनुसंधान के तहत समीक्षा बैठक, गिरफ्तारी, तकनीकी जांच और गश्ती व्यवस्था को लेकर दिए कड़े निर्देश

केटी न्यूज/डुमरांव

डुमरांव अनुमंडल में लंबित आपराधिक मामलों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पोलस्त कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में थाने में लंबित कांडों की प्रगति पर गहन मंथन किया गया। मिशन अनुसंधान के तहत बुलाई गई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जांच प्रक्रिया में तेजी लाना और मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करना रहा।बैठक में एसडीपीओ ने थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा से एक-एक मामले की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है, उन पर विशेष अभियान चलाकर जल्द कार्रवाई की जाए।

साथ ही, तकनीकी अनुसंधान के उपयोग को बढ़ाने और साक्ष्य संकलन को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने कहा कि लंबित कांडों का जल्द निपटारा पुलिस की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोषियों को कानून के दायरे में लाना और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।बैठक में गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा स्थानीय खुफिया तंत्र को सक्रिय करने के निर्देश भी दिए गए।

एसडीपीओ ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए जमीनी स्तर पर सतर्कता बेहद जरूरी है, इसलिए सभी पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ करें।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा ने भरोसा दिलाया कि लंबित मामलों के निष्पादन के लिए विशेष टीम गठित कर काम किया जा रहा है और जल्द ही अधिकांश मामलों में ठोस प्रगति देखने को मिलेगी।एसडीपीओ ने अंत में कहा कि मिशन अनुसंधान का उद्देश्य केवल कांडों का निपटारा नहीं, बल्कि आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को और मजबूत करना भी है।