अनुसूचित जाति मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: आयोग अध्यक्ष ने किया नया भोजपुर थाने का निरीक्षण
राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष धनंजय कुमार उर्फ मृणाल पासवान ने नया भोजपुर थाने का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे थाने पहुंचे अध्यक्ष ने विधि-व्यवस्था की सामान्य समीक्षा से इतर खास तौर पर दलित उत्पीड़न से जुड़े मामलों की स्थिति पर फोकस किया।
केटी न्यूज/डुमरांव
राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष धनंजय कुमार उर्फ मृणाल पासवान ने नया भोजपुर थाने का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे थाने पहुंचे अध्यक्ष ने विधि-व्यवस्था की सामान्य समीक्षा से इतर खास तौर पर दलित उत्पीड़न से जुड़े मामलों की स्थिति पर फोकस किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित मामलों की सूची मंगवाकर एक-एक बिंदु पर जानकारी ली और यह जानने का प्रयास किया कि पीड़ितों को न्याय दिलाने में कहीं देरी तो नहीं हो रही है।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में त्वरित प्राथमिकी दर्ज हो, जांच निष्पक्ष हो और दोषियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।एसडीपीओ पोलस्त कुमार और थानाध्यक्ष चंदन कुमार से बातचीत में अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों में भरोसा कायम करना भी है। उन्होंने थाने में आने वाले आम लोगों, खासकर दलित समुदाय के लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने पर जोर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने अध्यक्ष को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के साथ-साथ संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता दी जा रही है और किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया जाता।हालांकि, अध्यक्ष ने यह भी संकेत दिया कि आगे इस तरह के निरीक्षण और सख्त होंगे तथा कार्यप्रणाली में कमी मिलने पर कार्रवाई से भी पीछे नहीं हटेंगे। निरीक्षण के अंत में उन्होंने पुलिसकर्मियों को जनता के प्रति जवाबदेही और पारदर्शिता बनाए रखने की नसीहत दी।

