97.48 प्रतिशत मतदान के साथ शांतिपूर्ण संपन्न हुआ भोजपुर-सह-बक्सर उप चुनाव
बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र 06-भोजपुर-सह-बक्सर उप निर्वाचन 2026 के तहत मंगलवार को बक्सर जिले के सभी 11 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मतदान संपन्न हो गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक सतर्कता और अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग के बीच जिले में कुल 97.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।


__ केसठ और चौगाई में शत-प्रतिशत वोटिंग, डीएम-एसपी खुद संभाले रहे मोर्चा
केटी न्यूज/बक्सर :
बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र 06-भोजपुर-सह-बक्सर उप निर्वाचन 2026 के तहत मंगलवार को बक्सर जिले के सभी 11 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मतदान संपन्न हो गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, प्रशासनिक सतर्कता और अधिकारियों की लगातार मॉनिटरिंग के बीच जिले में कुल 97.48 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि केसठ एवं चौगाई प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्रों पर शत-प्रतिशत मतदान हुआ, जिसने लोकतंत्र के प्रति जनप्रतिनिधियों की गंभीरता और भागीदारी को नई मिसाल दी।मतदान प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में दिखा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया।दोनों अधिकारियों ने मौके पर मौजूद दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और मतदान कर्मियों को पूरी सतर्कता और निष्पक्षता के साथ चुनाव प्रक्रिया संपन्न कराने का निर्देश दिया।प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर इस बार विशेष चौकसी बरती गई थी। सभी 11 मतदान केंद्रों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुपर जोनल दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का लगातार जायजा लिया।

इसके अलावा 11 सेक्टर दंडाधिकारी, 6 जोनल दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी पूरे दिन भ्रमणशील रहकर मतदान केंद्रों की निगरानी करते रहे।प्रशासन का दावा है कि सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण, स्वच्छ, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में मतदान संपन्न कराया गया। कहीं से किसी अप्रिय घटना, हंगामे या व्यवधान की सूचना नहीं मिली। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही सुबह से ही बनी रही और तय समय तक मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रही।मतदान समाप्ति के बाद जारी आंकड़ों के अनुसार जिले का कुल वोटिंग प्रतिशत 97.48 रहा। इसमें पुरुष मतदाताओं की भागीदारी 98.06 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 96.97 रहा। प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति प्रतिनिधियों की गंभीर भागीदारी और जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया।

चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था इतनी चुस्त रही कि मतदान केंद्रों के आसपास लगातार गश्ती की गई। संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक पूरे निर्वाचन क्षेत्र में विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही और सभी मतदान केंद्रों से मतदान समाप्ति के बाद चुनाव सामग्री सुरक्षित तरीके से संग्रह केंद्र तक पहुंचाई गई।उल्लेखनीय है कि बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के इस उप चुनाव को लेकर प्रशासन पहले से ही पूरी तैयारी में जुटा था। मतदान दिवस को लेकर निषेधाज्ञा लागू की गई थी तथा मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन अब मतगणना की तैयारी में जुट गया है।

