विधान परिषद उपचुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट

भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 12 मई को होने वाले मतदान के मद्देनजर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त मतदान दलों, सेक्टर दण्डाधिकारियों, जोनल एवं सुपर जोनल दण्डाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से की।

विधान परिषद उपचुनाव को लेकर प्रशासन अलर्ट

--11 मतदान केंद्रों पर कल होगा मतदान, डीएम-एसपी ने कहा— निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सर्वोच्च प्राथमिकता

केटी न्यूज/बक्सर

भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद उपचुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। 12 मई को होने वाले मतदान के मद्देनजर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में प्रतिनियुक्त मतदान दलों, सेक्टर दण्डाधिकारियों, जोनल एवं सुपर जोनल दण्डाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से की।ब्रीफिंग के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन प्रबंधन का सबसे बड़ा उद्देश्य स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित कराना है।

उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में चुनाव एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मी को पूरी निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।डीएम ने सभी पीठासीन पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान केंद्र पर वही “कप्तान” की भूमिका में होंगे। मतदान की पूरी प्रक्रिया उनके नेतृत्व में संचालित होगी, इसलिए उन्हें हर परिस्थिति में सजग रहना होगा। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था, विवाद या अनधिकृत हस्तक्षेप बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, सेक्टर पदाधिकारी और पुलिस बल यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी भी मतदाता के साथ आने वाले बॉडीगार्ड, समर्थक या सहयोगी मतदान केंद्र के आसपास अनावश्यक रूप से मौजूद न रहें।मतदाताओं की पहचान को लेकर भी आयोग के निर्देशों की जानकारी दी गई। प्रशासन के अनुसार मतदान के दौरान मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपिक), किसी भी फोटोयुक्त वैध दस्तावेज अथवा स्थानीय प्राधिकार द्वारा जारी पहचान पत्र के आधार पर अपनी पहचान स्थापित कर सकेंगे। इन दस्तावेजों में से किसी एक का प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।जिलाधिकारी साहिला ने सभी अधिकारियों और पुलिस बलों से अपेक्षा जताई कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को भयमुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। वहीं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्रशासनिक जानकारी के अनुसार बक्सर जिले में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो सभी प्रखंड कार्यालयों में स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर संबंधित प्रखंड क्षेत्र के स्थानीय प्राधिकारी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान करने वालों में लोकसभा सदस्य, विधानसभा सदस्य, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, वार्ड सदस्य तथा नगर निकायों के चेयरमैन, उप चेयरमैन और वार्ड पार्षद शामिल हैं।जिले में कुल 2303 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 1083 पुरुष और 1220 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।