बिहार विधानसभा में गूंजा बक्सर की आवाज, गृह बजट के समर्थन में बोले आनंद मिश्रा
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गृह विभाग के बजट पर चर्चा में बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने अपने विचार रखते हुए राज्य में सुदृढ़ होती कानून-व्यवस्था और पुलिस तंत्र में हो रहे आधुनिकीकरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस की प्रतिबद्ध कार्यशैली और तकनीक आधारित नवाचारों ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की है।
-- सशक्त और संवेदनशील पुलिस व्यवस्था को बताया सुशासन की आधारशिला, अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का जताया आभार
केटी न्यूज/बक्सर
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गृह विभाग के बजट पर चर्चा में बक्सर सदर विधायक आनंद मिश्रा ने अपने विचार रखते हुए राज्य में सुदृढ़ होती कानून-व्यवस्था और पुलिस तंत्र में हो रहे आधुनिकीकरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस की प्रतिबद्ध कार्यशैली और तकनीक आधारित नवाचारों ने राज्य में सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान की है।विधानसभा में गृह बजट का समर्थन करते हुए विधायक ने कहा कि पुलिस महज एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का संकल्प है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सशक्त और संवेदनशील पुलिस बल ही जनता के विश्वास की सबसे बड़ी गारंटी होती है।

उन्होंने पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने और टेक्नोलॉजी के व्यापक उपयोग को समय की आवश्यकता बताया।विधायक ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से कानून-व्यवस्था की स्थिति में लगातार सुधार हुआ है। अपराध नियंत्रण, त्वरित कार्रवाई और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसी व्यवस्थाओं ने पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाया है। उन्होंने पुलिस विभाग में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।सदन में अपने संबोधन के दौरान उन्होंने गृह विभाग के बजट को राज्य की सुरक्षा और विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए इसका समर्थन किया।

उन्होंने कहा कि सुरक्षित वातावरण ही निवेश, शिक्षा और सामाजिक समरसता की मजबूत नींव तैयार करता है।इस अवसर पर विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा गृहमंत्री सह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें सदन में अपने विचार रखने का अवसर प्रदान करना लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने वाला कदम है।विधानसभा में दिए गए इस वक्तव्य को बक्सर की जनता की आवाज बताते हुए विधायक ने भरोसा जताया कि सरकार की नीतियों और पुलिस प्रशासन की सक्रिय भूमिका से राज्य में सुशासन की दिशा में और मजबूती आएगी।

